CRIME

दिनदहाड़े लूटपाट करने वाले दो कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, देसी कट्टा और लूटा मोबाइल बरामद

केसठ-डुमरांव मार्ग पर युवक से लूट का किया था प्रयास, घटनास्थल पर गिरा मोबाइल बना पुलिस के लिए बड़ा सुराग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

 

शुक्रवार को मुरार थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 16 मई को मुरार थाना क्षेत्र के आमसारी गांव निवासी मुन्ना कानू के पुत्र गोलू कुमार से केसठ-डुमरांव राजवाहा मार्ग पर लूटपाट का प्रयास किया गया था। यह घटना नवनिर्मित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के समीप हुई थी। जानकारी के अनुसार बाइक सवार बदमाशों ने युवक को रोककर कट्टा दिखाते हुए लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपितों ने युवक के साथ मारपीट भी की। इसी दौरान आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी और डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। भागने के दौरान अपराधियों का एक मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही गिर गया। यही मोबाइल पुलिस जांच में सबसे अहम सुराग साबित हुआ।

 

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए बक्सर एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच के साथ लगातार छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव निवासी सुमित कुमार तथा पीरो थाना क्षेत्र के सनेही टोला निवासी सुबोध कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों अपराधी कुख्यात प्रवृत्ति के हैं। गिरफ्तार सुमित कुमार पर रोहतास और भोजपुर जिले में लूट के कई मामले दर्ज हैं, जबकि सुबोध कुमार पर पीरो थाना क्षेत्र में हत्या के दो मामले दर्ज बताए गए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान डुमरांव सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि दोनों अपराधियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button