राजपुर में साइबर ठगी का खुलासा: अंगूठा लगवाकर खातों से उड़ाता था पैसे, कटरिया गांव से आरोपी गिरफ्तार
राजपुर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भोले-भाले ग्रामीणों को बनाता था निशाना; महिला की शिकायत पर खुला गिरोह का राज


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड क्षेत्र में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कटरिया गांव से एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनुजी पाल (पिता– विंध्याचल पाल) के रूप में की गई है, जो ग्रामीणों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से पैसे उड़ा लेता था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बेहद चालाकी से भोले-भाले ग्रामीणों को अपने जाल में फंसाता था। वह खुद को बैंकिंग प्रतिनिधि या किसी योजना से जुड़ा व्यक्ति बताकर लोगों से विभिन्न बहानों से उनका बायोमेट्रिक (अंगूठा) लगवा लेता था। इसके बाद वह तकनीकी तरीके से उनके बैंक खातों में सेंधमारी कर पैसे निकाल लेता था। इस गिरोह की करतूतों का खुलासा तब हुआ जब राजपुर थाना क्षेत्र के हुड़रही गांव निवासी गायत्री देवी ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने झांसा देकर उनसे अंगूठा लगवाया और उनके खाते से पैसे गायब हो गए। इस मामले में 03 दिसंबर 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी मनुजी पाल को गिरफ्तार कर लिया।
राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध बैंकिंग प्रतिनिधि को अपना बायोमेट्रिक (अंगूठा) न दें। साथ ही यदि खाते से किसी भी प्रकार की अनधिकृत निकासी होती है, तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने लोगों को इस ठगी का शिकार बनाया गया है। यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि साइबर अपराधी अब गांवों तक अपने जाल फैला चुके हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की बेहद आवश्यकता है।





