किला मैदान बना वाहनों का स्टैंड, कहां खेलेंगे बच्चे
धार्मिक आयोजनों पर वाहनों से भर जाता है किला का मैदान


न्यूज विजन। बक्सर
यह कहीं का वाहन स्टैंड नहीं है, बल्कि बक्सर का ऐतिहासिक किला मैदान है। यहां बीते 25 मार्च को समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुमार का जनसभा का आयोजन हुआ था। कार्यक्रम को लेकर किला मैदान का प्रमुख दो प्रवेश द्वार का गेट प्रशासन के द्वारा हटा लिया गया था। कार्यक्रम बीते एक माह हो गये। लेकिन, प्रशासन निकाले गए लोहे के गेट को लगवाना भूल गया। नतीजा बेधड़क मैदान में बस, ट्रैक्टर, जीप, मिनी बस समेत अन्य वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे सबसे अधिक परेशानी क्रिकेट खिलाड़ियों, फुटबॉल खिलाड़ियों, अभ्यास करने वाले धावकों और सुबह-शाम टहलने जाने वाले बुजुर्गों को हो रही है।
जिला मुख्यालय में बच्चों व युवाओं के लिए खेल मैदान की कमी है। शहर के बीचो बीच एकमात्र किला का मैदान है, जहां बच्चे क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल के अलावा दौड़ का अभ्यास करते हैं। जरा किला मैदान में घूमकर देखिए। किस कदर इसे वाहनों का स्टैंड बना दिया गया है। गुरुवार को किला के मैदान में सुबह से ही वाहनों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। मैदान में दर्जनों बस, जीप, कार, ट्रैक्टर, टेम्पो समेत अन्य छोटी बड़ी गाड़ियां लगी हुई थी।
मुंडन संस्कार, मकर संक्रांति, कार्तिक पूर्णिमा स्नान समेत अन्य धार्मिक आयोजनों पर किला का मैदान वाहनों से पट जाता है। बता दें कि जिले के अलावा सीमावर्ती उत्तर प्रदेश से आने वाले लोग अपने वाहनों को किला मैदान में ही खड़ा कर देते हैं। वाहनों को मैदान में पार्क किए जाने के चलते सुबह में सेना में भर्ती को लेकर दौड़ का अभ्यास करने वाले युवा व युवतियां मायूस होकर लौट जातीं हैं। वहीं क्रिकेट और फुटबॉल के खिलाड़ियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार बिना अभ्यास किए ही लौट जाते हैं। स्थानीय खिलाड़ियों की मानें तो आए दिन मैदान की स्थिति इस तरह की बन जाती है। मैदान में वाहनों के प्रवेश न हो इसके लिए ना तो नगर परिषद कोई पहल कर रही है और ना ही प्रशासन सुध ले रहा है।
फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर समिति के द्वारा किला मैदान को लगभग तीन माह पहले समतल कर खेलने लायक बनाया था। एक बार फिर बड़े वाहनों के प्रवेश से मैदान की स्थिति दयनीय होते जा रही है। मैदान में खिलाड़ियों व दौड़ का अभ्यास करने वाले धावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते 17 जनवरी को फ़ैज़ मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद मैदान फिर से वाहनों का स्टैंड बन गया है। वाहनों के प्रवेश से मैदान में छोटे बड़े गड्ढे उभरने लगे हैं। स्थानीय खिलाड़ी अप्पू वर्मा, फरह अंसारी, राजेश कुमार आदि ने ने प्रशासन से मांग किया है कि किला मैदान के मुख्य प्रवेश द्वार से निकाले गये गेट लगवाने और बड़े -छोटे वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की व्यवस्था की जाय, ताकि खिलाड़ियों, धावकों और टहलने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।





