लगातार जल रहे ट्रांसफार्मर से मिली राहत, बड़कागांव मानसिंह पट्टी में लगा 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर
ग्रामीणों के संघर्ष और शिकायतों का हुआ असर, 63 केवीए की जगह लगाया गया 100 केवीए ट्रांसफार्मर; अब 200 केवीए ट्रांसफार्मर की मांग तेज


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत उमरपुर पंचायत के बड़कागांव मानसिंह पट्टी बाजार में लंबे समय से विद्युत आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। यहां बार-बार 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण उपभोक्ताओं को लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की शिकायतों और लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार बिजली विभाग ने 63 केवीए के ट्रांसफार्मर को बदलकर 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया है।
इस समस्या को लेकर बड़कागांव मानसिंह पट्टी निवासी श्री भगवान मिश्रा ने सबसे पहले जिलाधिकारी बक्सर को आवेदन देकर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की थी। जिलाधिकारी द्वारा वर्ष 2024 में ही बिजली विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा गया था, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की गई। जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो श्री मिश्रा ने 6 मई को जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में परिवाद दायर किया। यह मामला जिला लोक शिकायत परिवाद संख्या ADM BUXAR 430110106052607140 के तहत दर्ज किया गया। शिकायत दर्ज होने के बाद जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा बिजली विभाग को नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही श्री भगवान मिश्रा ने सदर विधायक आनंद मिश्रा के कमल सेवा केंद्र में भी आवेदन देकर 200 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग रखी। 22 जून को सहायक विद्युत अभियंता को भी इस संबंध में आवेदन दिया गया। इसके बाद 23 जून को पुनः 200 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग को लेकर विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार प्रताप सागर क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) हिमांशु कुमार तथा सहायक विद्युत अभियंता ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए खराब ट्रांसफार्मर को बदलवाने की पहल की। वहीं विद्युत कार्यपालक अभियंता, बक्सर द्वारा भी तत्काल 63 केवीए की जगह 100 केवीए ट्रांसफार्मर की स्वीकृति प्रदान कर दी गई। इसके बाद गांव में नया 100 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, जिससे बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है। नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांव के मुन्ना तिवारी, शिवजी मिश्रा, कमलेश मिश्रा, बृजेश कुमार मिश्रा, उत्तम कुमार शर्मा, दीनानाथ मिश्रा, तारकेश्वर मिश्रा, धनजी मिश्रा, घनश्याम मिश्रा, मधु मिश्रा, आनंद मिश्रा, दीपक मिश्रा, मिठू शर्मा सहित अनेक ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में उपभोक्ताओं की संख्या और बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए 100 केवीए ट्रांसफार्मर भी भविष्य में अपर्याप्त साबित हो सकता है। इसलिए उनकी मांग है कि स्थायी समाधान के लिए यहां जल्द से जल्द 200 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने और बिजली बाधित होने की समस्या से हमेशा के लिए छुटकारा मिल सके।





