OTHERS

‘दियांचल के मालवीय’ के नाम पर हो ग्राम प्रवेश द्वार का नामकरण, अभिषेक मिश्रा ने डीएम से की मांग

बड़का राजपुर के शिक्षाविद् एवं आदर्श उच्च विद्यालय के संस्थापक स्व. पंडित केशव प्रसाद मिश्र की स्मृति में प्रवेश द्वार का नामकरण करने की उठी मांग, ग्रामीणों ने भी दिया समर्थन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राजपुर कला के निवासी अभिषेक कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर ग्राम बड़का राजपुर में निर्माणाधीन ग्राम प्रवेश द्वार का नामकरण क्षेत्र के प्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं समाजसेवी स्वर्गीय पंडित केशव प्रसाद मिश्र की स्मृति में किए जाने की मांग की है। अभिषेक मिश्रा ने अपने आवेदन में कहा है कि स्व. पंडित केशव प्रसाद मिश्र को दियांचल का ‘मालवीय’ कहा जाता था, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान देते हुए प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय, बड़का राजपुर की स्थापना की थी।

 

आवेदन में उन्होंने कहा कि यह मांग केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि ग्रामवासियों, शिक्षा प्रेमियों, विद्यालय के पूर्व छात्रों एवं क्षेत्र के जागरूक नागरिकों की सामूहिक भावना का प्रतिनिधित्व करती है। स्व. मिश्र का जीवन शिक्षा, समाज सेवा और जनजागरण को समर्पित रहा है। उनके प्रयासों से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला और आज भी उनका योगदान लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। अभिषेक मिश्रा ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि जनभावनाओं, ऐतिहासिक तथ्यों, शैक्षणिक योगदान और सामाजिक महत्व को ध्यान में रखते हुए ग्राम प्रवेश द्वार का नामकरण “दियांचल के मालवीय स्व. पंडित केशव प्रसाद मिश्र स्मृति द्वार” के रूप में किया जाए। उनका कहना है कि इससे न केवल क्षेत्र के महान शिक्षाविद् को सम्मान मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी शिक्षा और समाज सेवा की प्रेरणा प्राप्त होगी।

 

दर्जनों ग्रामीणों ने किया समर्थन
इस मांग को लेकर तैयार किए गए आवेदन पत्र पर गांव के दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्व. पंडित केशव प्रसाद मिश्र ने जिस प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया, उसे देखते हुए उनके नाम पर ग्राम प्रवेश द्वार का नामकरण किया जाना क्षेत्र के लिए गौरव की बात होगी।

जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग को भी भेजी गई प्रति
अभिषेक मिश्रा ने बताया कि इस आवेदन की प्रतिलिपि बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद, बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री, ब्रह्मपुर विधायक, राजपुर पंचायत के मुखिया तथा प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय बड़का राजपुर के प्रधानाचार्य को भी भेजी गई है, ताकि इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक पहल हो सके। ग्रामीणों और पूर्व छात्रों को उम्मीद है कि प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए स्व. पंडित केशव प्रसाद मिश्र के नाम पर ग्राम प्रवेश द्वार का नामकरण कर क्षेत्र की शिक्षा और समाज सेवा की गौरवशाली विरासत को स्थायी पहचान प्रदान करेगा।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button