OTHERS

नाम के आगे ‘श्री’ नहीं लगाने पर न्यूज विजन को मानहानि सह नोटिस, ₹1000 हर्जाने की मांग; 18 नवंबर तक दिया जवाब देने का अल्टीमेटम

बक्सर के आकाश कुमार सिंह उर्फ राम जी सिंह ने मीडिया संस्थान पर व्यक्तित्व की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का लगाया आरोप, सम्मानजनक नाम प्रकाशित करने सहित रखीं चार प्रमुख मांगें (ये खबर को सिर्फ व्यंग है)

न्यूज विज़न। बक्सर
नाम के आगे सम्मानसूचक शब्द ‘श्री’ नहीं लगाने और नाम को कथित तौर पर अधूरा प्रकाशित करने के मामले में बक्सर के एक नागरिक ने मीडिया संस्थान न्यू विजन के निदेशक आलोक कुमार को मानहानि सह नोटिस भेजा है। यह नोटिस 8 नवंबर 2026 की तारीख से जारी किया गया है। नोटिस भेजने वाले आकाश कुमार सिंह उर्फ राम जी सिंह ने अपने नाम के साथ सम्मानसूचक शब्द ‘श्री’ का इस्तेमाल नहीं किए जाने को अपनी व्यक्तिगत गरिमा, सामाजिक प्रतिष्ठा और आत्मसम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए संस्थान से प्रतीकात्मक रूप से 1000 रुपये मानहानि हर्जाने की मांग की है।

 

पुस्तकालय रोड, थाना एवं जिला बक्सर निवासी आकाश कुमार सिंह उर्फ राम जी सिंह ने नोटिस में उल्लेख किया है कि उनका वास्तविक एवं विस्तृत नाम ‘आकाश कुमार सिंह उर्फ राम जी सिंह’ है, लेकिन उनके अनुसार न्यू विजन द्वारा उनकी पूरी पहचान को नजरअंदाज करते हुए केवल ‘रामजी सिंह’ लिखकर प्रकाशित किया गया। उनका आरोप है कि नाम के आगे ‘श्री’ शब्द नहीं लगाने से उनकी व्यक्तिगत पहचान और सम्मान को ठेस पहुंची है।

 

नोटिस में उन्होंने पांच प्रमुख बिंदुओं के माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। इसमें नाम की आधी-अधूरी प्रस्तुति, सम्मानसूचक शब्द ‘श्री’ का इस्तेमाल नहीं करना, सामाजिक प्रतिष्ठा पर कथित प्रतिकूल प्रभाव, मानसिक प्रताड़ना एवं आत्मसम्मान को पहुंची चोट तथा सम्मानसूचक शब्दों के इस्तेमाल में कथित भेदभाव जैसे मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या संस्थान की पत्रकारिता में ‘श्री’ शब्द का इस्तेमाल बंद हो गया है अथवा उनके मामले में ही ऐसी चूक हुई है।

आकाश कुमार सिंह ने नोटिस के माध्यम से चार मांगें रखी हैं। पहली मांग के तहत मानसिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक सम्मान को पहुंची ठेस के लिए 1000 रुपये का सांकेतिक हर्जाना मांगा है। दूसरी मांग में न्यू विजन के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनका पूरा सम्मानजनक नाम ‘श्री आकाश कुमार सिंह उर्फ राम जी सिंह’ प्रकाशित करने को कहा है। तीसरी मांग में भविष्य में उनके नाम के साथ ‘श्री’ लगाने में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने तथा चौथी मांग में भविष्य की खबरों में उनके नाम के साथ सम्मान का पूरा पैकेज उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

नोटिस में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि 1000 रुपये की राशि उनके लिए आर्थिक लाभ का विषय नहीं, बल्कि संस्थान को सम्मान के महत्व का एहसास कराने के उद्देश्य से मांगी गई है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे इस मामले को उच्चस्तरीय मंच तक ले जाएंगे। फिलहाल इस नोटिस को लेकर मीडिया संस्थान का पक्ष सामने आना बाकी है। मामला नाम के साथ सम्मानसूचक शब्द के इस्तेमाल और मीडिया में व्यक्ति की पहचान एवं गरिमा से जुड़े सवालों को लेकर चर्चा का विषय बन सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button