बैरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन लोगों को लगी गोली
गाय को चारा खिलाने जा रहे युवक पर शुरू की फायरिंग, बचाने पहुंचे चचेरे भाई और एक अन्य को भी मारी गोली; तीनों की गंभीर हालत देख सदर अस्पताल से वाराणसी रेफर, एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस कर रही छापेमारी

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरी गांव में मंगलवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आपसी विवाद में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान तीन लोग गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। आनन-फानन में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरी गांव में पाटीदारों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद को लेकर मंगलवार की शाम दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। बताया जाता है कि राजा तिवारी के पुत्र पवन तिवारी गाय को चारा खिलाने जा रहे थे। इसी दौरान जयप्रकाश तिवारी, मनीष तिवारी, चुन्नू तिवारी, श्रीमन नारायण तिवारी और श्याम नारायण तिवारी समेत करीब 10 लोगों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पवन तिवारी की कमर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनकर पवन तिवारी के चचेरे भाई बृजमोहन तिवारी (पिता जगदीश तिवारी) मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगी। वहीं, राजा तिवारी के पुत्र बुल्लू तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्हें पेट में गोली लग गई। कुछ ही देर में तीनों लोग खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सहित मुफस्सिल थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू करते हुए घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
इस संबंध में एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि शुरुआती जानकारी में आपसी रंजिश को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल, एक साथ तीन लोगों को गोली लगने की घटना के बाद बैरी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वीडियो देखें :




