छत्तीसगढ़ से बक्सर के भगवान वामन की आरती के लिए पहुंचा सहयोग, साहू परिवार के सौजन्य से होगा गुरुवार का आयोजन
वामन ग्लोबल फाउंडेशन के ‘प्रत्येक गुरुवार भगवान श्री वामन के द्वार’ कार्यक्रम से प्रभावित होकर तरस लाल साहू ने किया आर्थिक सहयोग, परिवार के नाम समर्पित होगी आरती एवं प्रसाद सेवा

न्यूज़ विज़न। बक्सर
धार्मिक नगरी बक्सर में भगवान श्री वामन के प्रति श्रद्धा और आस्था का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला है। वामन ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से प्रत्येक गुरुवार आयोजित होने वाले आरती एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम से प्रभावित होकर छत्तीसगढ़ के एक परिवार ने भी इस धार्मिक आयोजन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की है। छत्तीसगढ़ निवासी तरस लाल साहू एवं उनके परिवार के सौजन्य से गुरुवार, 12 नवंबर को भगवान श्री वामन की संध्या आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
वामन ग्लोबल फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रत्येक गुरुवार की तरह इस गुरुवार भी शाम 5 बजे भगवान श्री वामन के दरबार में विधिवत आरती एवं प्रसाद वितरण होगा। इस बार का आयोजन छत्तीसगढ़ के साकी जिला स्थित ग्राम आंडिल निवासी तरस लाल साहू, पिता समारू राम साहू, माता हेम बाई साहू, पत्नी चरण बाई साहू एवं पुत्र साहिल साहू के सौजन्य से संपन्न होगा।
बताया गया कि वामन ग्लोबल फाउंडेशन के इस नियमित धार्मिक कार्यक्रम से प्रभावित होकर तरस लाल साहू ने छत्तीसगढ़ से ही फाउंडेशन के पदाधिकारियों से संपर्क किया और भगवान श्री वामन की आरती एवं प्रसाद वितरण के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया। साथ ही उन्होंने 12 नवंबर को आयोजित होने वाली आरती एवं प्रसाद सेवा को अपने परिवार के नाम समर्पित करने का आग्रह किया।
इस पहल पर वामन ग्लोबल फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश राय उर्फ कल्लू राय ने तरस लाल साहू एवं उनके पूरे परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य और गर्व की बात है कि बक्सर की पावन धरती पर भगवान श्री वामन की आरती में छत्तीसगढ़ में रहने वाले श्रद्धालु भी अपनी आस्था और श्रद्धा के साथ अंशदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती। हजारों किलोमीटर दूर रहकर भी तरस लाल साहू ने इस धार्मिक आयोजन से जुड़कर अपनी आस्था प्रकट की है।
फाउंडेशन के अध्यक्ष ने न्यूज विजन के माध्यम से आम लोगों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे वामन ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा प्रत्येक गुरुवार आयोजित होने वाले आरती एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें और इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहल में अपनी सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्री वामन के प्रति श्रद्धा को जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों को धार्मिक और सामाजिक एकजुटता के सूत्र में बांधना है। छत्तीसगढ़ के साहू परिवार का यह सहयोग निश्चित रूप से अन्य श्रद्धालुओं को भी इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।




