150 साल पुराने गोलाघाट पर नए निर्माण को लेकर विवाद, विरोध में अनशन पर बैठे स्थानीय लोग
पुरानी और मजबूत सीढ़ियों के ऊपर ही बनाई जा रही नई सीढ़ियां, निर्माण में घटिया ईंटों के इस्तेमाल का आरोप; छठ घाटों की मरम्मत के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग की जांच कराने की उठी मांग

न्यूज़ विज़न। बक्सर
नगर परिषद बक्सर के वार्ड संख्या-16 स्थित गोलाघाट पर करीब डेढ़ सौ वर्ष पुराने सुव्यवस्थित और पक्के घाट पर ही नए निर्माण कार्य शुरू कराए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। छठ महापर्व के मद्देनजर नगर परिषद की ओर से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य का स्थानीय लोगों और मंदिर प्रबंधन से जुड़े सदस्यों ने विरोध शुरू कर दिया है। लोगों ने नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोलाघाट करीब 150 वर्ष पुराना है और इसकी पुरानी सीढ़ियां आज भी पूरी तरह मजबूत एवं व्यवस्थित हैं। हैरानी की बात यह है कि घाट की एक भी ईंट अब तक खराब नहीं हुई है। इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से पुरानी सीढ़ियों के ऊपर ही ईंट जोड़कर नई सीढ़ियों का निर्माण कराया जा रहा है। लोगों का सवाल है कि जब पुराना घाट पहले से ही मजबूत और उपयोगी है, तो आखिर किस आवश्यकता के तहत वहां दोबारा निर्माण कराया जा रहा है।
निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही ईंटों की गुणवत्ता को लेकर भी स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण में बेहद घटिया गुणवत्ता की ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो हल्का सा स्पर्श करने पर ही कई टुकड़ों में बिखर जा रही हैं। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मजबूती और भविष्य में इसकी उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विरोध कर रहे लोगों ने छठ घाटों की मरम्मत के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका भी जताई है।
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब आंदोलन का रूप लेने लगा है। वार्ड संख्या-16 के पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर, विजय पांडेय, अभिषेक राय, दिलीप गुप्ता, सिकु गुप्ता, मनोज केसरी, गोपाल शर्मा, कमलेश कुमार, दीपांशु केसरी, भोला गुप्ता और दीपक कुमार सहित अन्य लोग अनशन पर बैठ गए हैं।
अनशनकारियों की प्रमुख मांग है कि नगर परिषद की ओर से छठ घाटों की मरम्मत और निर्माण के नाम पर कराए गए सभी कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, गोलाघाट पर अनावश्यक निर्माण कार्य तत्काल बंद कराया जाए। लोगों ने घाट पर जमा मिट्टी और ढाल की सफाई कराने तथा पिछले करीब चार वर्षों से जमा कूड़े के ढेर को हटाने की भी मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ व्रतियों की सुविधा के नाम पर अनावश्यक निर्माण कराने के बजाय घाट की वास्तविक समस्याओं को दूर करना नगर परिषद की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




