CRIME

पोखरे में नहाने गए 42 वर्षीय मजदूर की डूबने से मौत, परासी गांव में पसरा मातम

किसान के यहां मजदूरी करने के बाद नहाने पहुंचे थे लालबाबू सिंह, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा; ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद निकाला शव

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत परासी गांव में पोखरे में नहाने गए एक 42 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के घर में मौत की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। त्योहार के माहौल के बीच हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

मृतक की पहचान परासी गांव निवासी स्वर्गीय बरसाती सिंह के पुत्र लालबाबू सिंह (42 वर्ष) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, लालबाबू सिंह किसी किसान के यहां मजदूरी करने गए थे। काम खत्म करने के बाद वह गांव के पोखरे में नहाने चले गए। इसी दौरान नहाते समय वह पोखरे के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। काफी देर तक जब वह पानी से बाहर नहीं निकले तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई।

 

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पोखरे के पास पहुंच गए और लालबाबू सिंह की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों ने काफी देर तक पानी में खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद उन्हें पोखरे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में शोक और निराशा छा गई। घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।

इस संबंध में इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद परासी गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अचानक हुई इस मौत से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button