विश्राम सरोवर का ऐतिहासिक शिलान्यास, प्रभु श्रीराम की स्मृतियों से जुड़े पवित्र स्थल का होगा कायाकल्प




न्यूज़ विज़न। बक्सर
नगर के स्टेशन रोड स्थित बसांव मठिया पंचकोसी परिक्रमा पड़ाव स्थल के अंतर्गत आनेवाले विश्राम सरोवर का गुरुवार को एक ऐतिहासिक कार्यक्रम के तहत शिलान्यास किया गया। यह पवित्र स्थल प्रभु श्रीराम की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है, जहां पंचकोसी परिक्रमा के छठे दिन भगवान श्रीराम ने विश्राम किया था। धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस सरोवर को अब धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।







शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण, आरती एवं पूजन के साथ की गई। कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति में बक्सर के प्रसिद्ध बसांव मठ आचार्य अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने आशीर्वचन प्रदान किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी धीरेन्द्र मिश्रा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष कुमार तथा नगर परिषद के सभापति प्रतिनिधि नियमतुला फरीदी ने संयुक्त रूप से विधिवत शिलान्यास किया।

विश्राम सरोवर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की जानकारी देते हुए सभापति प्रतिनिधि यामतुल्ला फरीदी ने बताया कि: सरोवर के चारों ओर घाट एवं पाथवे का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं के विश्राम हेतु पत्थर की कुर्सियां लगाई जाएंगी। तालाब के बीचों-बीच प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सम्पूर्ण परिसर में सजावटी एवं अन्य पौधारोपण किया जाएगा।
यह परियोजना न केवल पंचकोसी परिक्रमा मार्ग को एक नया रूप देगी, बल्कि बक्सर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाएगी। इस मौके पर उपस्थित स्थानीय श्रद्धालुओं में गहरी खुशी एवं उत्साह देखा गया। उनका मानना है कि यह कार्य आने वाली पीढ़ियों को बक्सर की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बनेगा। इस अवसर पर पंचकोसी परिक्रमा समिति के सचिव डॉ. रामनाथ ओझा, सूबेदार पांडे, भोला बाबा, डॉ. श्रवण तिवारी, स्थायी सशक्त समिति के सदस्य प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्याम प्रकाश, नीतीश मिश्र सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

