बक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सेंट्रल जेल स्थित ऐतिहासिक वामन मंदिर में की पूजा-अर्चना
30 मिनट तक मंदिर परिसर में रहे मुख्यमंत्री, वामन मंदिर को आम लोगों के लिए खोलने की मांग फिर हुई तेज


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी बक्सर पहुंचे, जहां उन्होंने बक्सर केंद्रीय कारागार परिसर में स्थित ऐतिहासिक भगवान वामन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं एनडीए गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री के बक्सर पहुंचते ही जिलाधिकारी साहिला और डीडीसी निहारिका छवि ने उन्हें पौधा एवं बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं बक्सर के प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम और राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला ने भी मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा एवं एनडीए गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पहले से मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगवान वामन मंदिर परिसर में लगभग 30 मिनट तक समय बिताया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान वामन की पूजा-अर्चना की तथा बिहार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और उसके आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी तथा परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच और तलाशी ली जा रही थी।
गौरतलब है कि भगवान वामन मंदिर बक्सर केंद्रीय कारागार परिसर के भीतर स्थित है, जिसके कारण आम श्रद्धालुओं को मंदिर दर्शन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों और विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा लंबे समय से यह मांग उठाई जाती रही है कि मंदिर को जेल परिसर से मुक्त कर आम जनता के लिए सुलभ बनाया जाए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस दौरे के बाद अब लोगों में नई उम्मीद जगी है कि सरकार इस दिशा में जल्द कोई बड़ा निर्णय ले सकती है।
मुख्यमंत्री के आगमन पर ‘वामन चेतना मंच’ के सदस्यों ने भी खुशी जाहिर की। मंच के सदस्यों ने कहा कि वर्षों की लंबी मांग के बाद सरकार ने उनकी भावनाओं को समझा है और अब उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही भगवान वामन का यह पावन धाम आम श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। इस दौरान मंच के सदस्यों ने जयकारे लगाए तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भगवान वामन की स्मृति स्वरूप एक तस्वीर भी भेंट की।
वीडियो देखें :





