OTHERS

बक्सर में धूमधाम से मनाई गई भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती, जायसवाल सभा ने की पूजा-अर्चना

आंबेडकर चौक के समीप निजी भवन में आयोजित हुआ जन्मोत्सव कार्यक्रम, अध्यक्ष प्रदीप कुमार जायसवाल सहित समाज के लोगों ने कुलदेवता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की आरती

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जायसवाल (सर्व) सभा, बक्सर की ओर से सोमवार, 17 नवंबर को बक्सर सदर के आंबेडकर चौक के समीप स्थित एक निजी भवन में राजराजेश्वर चक्रवर्ती सम्राट भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जायसवाल समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपने आराध्य एवं कुलदेवता भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

 

कार्यक्रम में जायसवाल सभा के अध्यक्ष प्रदीप कुमार जायसवाल, महासचिव संजय चौधरी एवं कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे। सभी ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना एवं आरती की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के जीवन, शौर्य, पराक्रम और ऐतिहासिक महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सहस्त्रार्जुन जयंती प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को मनाई जाती है। जायसवाल, कलवार, कलचुरी एवं हैहयवंशी क्षत्रिय समाज के लोग भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन को अपना आराध्य और कुलदेवता मानते हैं।

 

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, राजा कार्तवीर्य अर्जुन ने गुरु भगवान दत्तात्रेय को प्रसन्न कर उनसे हजार भुजाओं का वरदान प्राप्त किया था। इसी कारण वे सहस्त्रबाहु अर्जुन के नाम से प्रसिद्ध हुए। उन्हें चंद्रवंशी हैहय वंश के महान चक्रवर्ती सम्राट तथा भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र का अवतार भी माना जाता है। मध्य प्रदेश के माहेश्वर (प्राचीन माहिष्मती) में नर्मदा नदी के तट पर स्थित भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन का प्रसिद्ध मंदिर भी उनकी धार्मिक महत्ता का प्रतीक है। कार्यक्रम में बद्री जायसवाल, लक्ष्मण जायसवाल, सुरेश संगम, वेदप्रकाश जायसवाल, रविन्द्र जायसवाल, विजय जायसवाल, बंटी जायसवाल, संदीप जायसवाल, यश जायसवाल समेत अनेक स्वजातीय बंधु मौजूद रहे। आयोजन ने समाज के लोगों को अपनी परंपरा, संस्कृति और कुलदेवता के प्रति आस्था के साथ एकजुट होने का संदेश दिया।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button