मवेशियों को चारा देने निकला था 16 वर्षीय अंगद, करंट ने बुझा दिया परिवार का इकलौता चिराग
चक्की के रंगी डेरा गांव में दर्दनाक हादसा, पीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित; पिछले दो माह में करंट से तीन मौतों का दावा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
चक्की थाना क्षेत्र के रंगी डेरा गांव में शुक्रवार की शाम बिजली करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रामजी यादव के इकलौते पुत्र अंगद यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। परिवार के इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम करीब चार बजे अंगद यादव अपने घर के बाहर द्वार पर मवेशियों को चारा देने के लिए जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल चक्की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंगद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। बेटे को खोने के सदमे में माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस घटना से गमगीन हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर चक्की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और करंट किस वजह से लगा, इसकी जांच की जा रही है।
दो माह में तीन लोगों की मौत का ग्रामीणों ने किया दावा
ग्रामीणों के अनुसार, चक्की क्षेत्र में पिछले करीब दो माह के भीतर बिजली करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि कभी घर के आसपास तो कभी बधार में बिजली का करंट लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश भी है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली व्यवस्था की नियमित जांच कर जर्जर तारों, खुले तारों और अन्य संभावित खतरनाक स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक सुधार किया जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने, संभावित दुर्घटना वाले स्थानों को दुरुस्त करने और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। साथ ही, मृतक के परिवार को मुआवजा दिए जाने की दिशा में भी पहल करने की मांग उठाई गई है। वहीं, घटना को लेकर बिजली विभाग की ओर से फिलहाल कोई लिखित अथवा मौखिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





