बेख़ौफ़ असमाजिक तत्वों में नगर के किला और बाईपास रोड में की फायरिंग, पुलिस कर रही है मामले की जांच




न्यूज़ विज़न। बक्सर
पुलिस की लाख सक्रियता के बावजूद शहर में असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ते जा रहा है। शनिवार को कुछ ऐसा ही नजारा सामने आया। शहर के किला मैदान और गोलम्बर के समीप दिन दहाड़े फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। संयोग रहा की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। दोनों घटनाओं के बाद नगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












घटना के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे सोहनीपट्टी के सुमेश्वर यादव अपने पुत्र मनु कुमार के साथ ई- रिक्शा लेकर बाईपास रोड स्थित एक चार्जिंग प्वाइंट पर चार्ज कर रहे थे। उसी दौरान सफेद रंग के एसयूवी कार से कुछ लोग पहुंचे और मनु के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक युवक ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। फायरिंग की घटना को अंजाम दे सभी कार में सवार होकर सिन्डिकेट के तरफ भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद पहुंची पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है।
वहीं दूसरी तरफ किला मैदान के ऊपर कोइरपुरवा मोहल्ले के अनवर अंसारी अपने सहयोगियों के साथ पहुंच मड़ई डाल रहा था। जिसे लेकर मोहल्ले के राजा कुमार व अन्य ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर अनवर द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। गोलीबारी की घटना में लोग बाल बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुन आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी मौके से भाग निकले। मामले को लेकर नगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। नगर थाना पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

