OTHERS

सीएम के आगमन को लेकर बक्सर में जोरदार तैयारी, दीवारों पर उभर रही कला और इतिहास की झलक

शहर के प्रमुख मार्गों पर सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक पेंटिंग से बदली तस्वीर, धार्मिक व ऐतिहासिक संदेशों से सज रही नहर कॉलोनी और गोलंबर की दीवारें

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
वामन द्वादशी के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री के बक्सर आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर परिषद की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शहर को सजाने-संवारने के साथ-साथ प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई, सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य और सौंदर्यीकरण का काम तेजी से कराया जा रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों में दीवारों को आकर्षक रंगों से सजाने के साथ उन पर धार्मिक, ऐतिहासिक, स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़े संदेश भी उकेरे जा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए बक्सर शहर के प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से शहर की खूबसूरती बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इन पेंटिंग्स में स्थानीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी जा रही है। विशेष रूप से सोन नहर के रास्ते में स्थित नहर कॉलोनी की दीवारों और गोलंबर पार्क की दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी लोगों का ध्यान खींच रही है। रंग-बिरंगी कलाकृतियों और संदेशों से इन दीवारों का स्वरूप पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। इससे शहर के प्रमुख प्रवेश एवं आवागमन वाले रास्तों की सुंदरता में भी इजाफा हो रहा है।

 

दीवारों पर बनाई जा रही पेंटिंग में बक्सर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान को भी स्थान दिया जा रहा है। साथ ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करने वाले संदेश लिखे जा रहे हैं। इससे सौंदर्यीकरण के साथ-साथ जनजागरूकता का संदेश भी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पेंटिंग कार्य की जिम्मेदारी नगर परिषद बक्सर द्वारा मोनालिसा प्रशिक्षण केंद्र के सचिव बिनोद सिंह को दी गई है। उनके नेतृत्व में कलाकारों की टीम शहर की विभिन्न दीवारों को आकर्षक रूप देने में जुटी है। दीवारों पर बनाई जा रही पेंटिंग को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता देखी जा रही है। वामन द्वादशी के मौके पर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर में चल रहे विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के कार्यों से बक्सर की तस्वीर को नया रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन और नगर परिषद की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य लगातार जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button