RELIGION

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

रामरेखा और नाथ घाट समेत शहर के विभिन्न घाटों पर दिखा श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा, 36 घंटे का निर्जला व्रत तोड़कर व्रतियों ने किया पारण

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही बक्सर नगर सहित संपूर्ण जिले में शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया। महापर्व के अंतिम दिन सुबह से ही शहर के विभिन्न गंगा घाटों, नदी और तालाबों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रामरेखा घाट, नाथ घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। चारों ओर छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं की भक्ति से पूरा शहर छठमय नजर आया।

 

महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती अपने घर लौट गए थे। इसके बाद सोमवार की अहले सुबह करीब तीन बजे से ही घाटों की ओर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। पुरुष और युवा सिर पर दउरा, सूप तथा ईख लेकर घाटों की ओर निकल पड़े, वहीं महिलाएं हाथों में कलश और जलता हुआ दीप लेकर छठी मैया के गीत गाते हुए गंगा घाटों की ओर जाती दिखाई दीं।

 

सुबह पांच बजते-बजते गंगा के प्रमुख घाट श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गए। व्रतियों ने गंगा की पवित्र धारा में खड़े होकर भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा की। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई देने लगी, श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करना शुरू कर दिया। इस दौरान घाटों पर भक्ति, आस्था और लोक परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। लगभग एक घंटे तक अर्घ्य देने का सिलसिला चलता रहा।

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा किया और विधि-विधान से पारण कर महापर्व का समापन किया। इसके बाद घाटों पर छठ का प्रसाद बांटने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को प्रसाद देकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं की ओर से सेवा शिविर लगाए गए थे, जहां चाय और पानी का वितरण किया जा रहा था। अर्घ्य के बाद घर लौटते श्रद्धालुओं से सड़कों पर भी आस्था का सैलाब दिखाई दिया। चार दिनों तक चले इस महापर्व ने एक बार फिर बक्सर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकजुटता की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button