ACCIDENT

बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

जज साहब के समीप तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, सदर अस्पताल में इलाज के दौरान रवि कुशवाहा ने तोड़ा दम; घटना के बाद परिजनों में मचा कोहराम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर रविवार की दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जज साहब के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

 

मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी महादेव कुशवाहा के पुत्र रवि कुशवाहा के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव निवासी विकास कुमार के रूप में बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, रवि कुशवाहा बाइक से जिला मुख्यालय की ओर आ रहे थे। इसी दौरान विकास कुमार बाइक से अपने गांव की तरफ जा रहे थे। जैसे ही दोनों युवक जज छावनी के समीप पहुंचे, उनकी बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण टक्कर इतनी भीषण हुई कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने रवि कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं विकास कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रवि की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अमरपुर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की पुष्टि करते हुए इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए टाउन थाना पुलिस को सूचित कर दिया गया था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button