युवा शक्ति सेवा संस्थान ने छठ व्रतियों के बीच वितरित की पूजा सामग्री, सांसद सुधाकर सिंह ने भी बढ़ाया सहयोग का हाथ
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में आयोजित हुआ सेवा कार्यक्रम, सैकड़ों छठ व्रती माताओं एवं बहनों को सूप, फल और पूजन सामग्री देकर लिया आशीर्वाद

न्यूज़ विज़न। बक्सर
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सामाजिक सेवा और आपसी सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए युवा शक्ति सेवा संस्थान की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में पूजा सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों छठ व्रती माताओं एवं बहनों के बीच सूप, फल तथा छठ पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। संस्थान के सदस्यों ने अपने हाथों से व्रतियों को पूजा सामग्री भेंट कर उनके प्रति सम्मान और सहयोग का भाव प्रकट किया।
कार्यक्रम में बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। सांसद ने भी अपने हाथों से छठ व्रती माताओं एवं बहनों के बीच फल एवं पूजा सामग्री का वितरण किया। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय लोकसंस्कृति, आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम प्रतीक है। अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर लोकमंगल की कामना करने वाला यह पर्व त्याग, तपस्या, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। छठी मइया के प्रति माताओं एवं बहनों की अटूट श्रद्धा और कठिन साधना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में डॉ. ए.के. सिंह, सब्बन खान राही, इंजीनियर अमित पटेल, एक्स आर्मी मैन मुन्ना सिंह, वार्ड पार्षद संतोष उपाध्याय, जिला पार्षद (राजपुर) अनिल सिंह, बसंती केसरी एवं मनोज केसरी उपस्थित रहे। वहीं, कार्यक्रम को सफल बनाने में शराफत हुसैन, मोहम्मद कासिम कुरैशी, पंकज केसरी, चंदन गुप्ता, अरमान अंसारी, जितेंद्र ठाकुर, प्रमोद केसरी, पप्पू जायसवाल, जितेंद्र गुप्ता, मोहम्मद प्रिंस इदरीसी, कन्हैया राम एवं अभय पासवान सहित अन्य साथियों की सराहनीय भूमिका रही। अंत में छठी मइया से प्रार्थना की गई कि सभी व्रती माताओं एवं बहनों की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा उनके परिवारों में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनी रहे।




