CRIME

ट्रेन की सीट में छिपाकर ले जा रहे थे शराब, RPF-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार

बक्सर-डुमरांव के बीच गाड़ी संख्या 63230 डाउन में चला जांच अभियान, 20.25 लीटर व्हिस्की की 27 बोतलें बरामद; दोनों आरोपितों को जीआरपी बक्सर को सौंपा गया

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट बक्सर और राजकीय रेल पुलिस (GRP) बक्सर की संयुक्त टीम ने शनिवार, 31 अक्टूबर को अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की। विश्वसनीय सूचना के आधार पर टीम ने गाड़ी संख्या 63230 डाउन में बक्सर एवं डुमरांव रेलवे स्टेशन के बीच जांच अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेन की सीट में छिपाकर शराब ले जा रहे दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 8 PM व्हिस्की की कुल 27 बोतलें बरामद की गईं।

 

जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम द्वारा शनिवार को करीब 07:42 बजे ट्रेन में जांच की जा रही थी। इसी क्रम में दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर टीम की नजर पड़ी। जांच करने पर पैसेंजर ट्रेन की सीट में छिपाकर रखी गई शराब की बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 20.25 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12,690 रुपये है। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान जयप्रकाश राय (लगभग 35 वर्ष), पिता स्व. खिझा राय, निवासी नया टोला, देदौर, थाना बख्तियारपुर, जिला पटना तथा सोनू राय (लगभग 25 वर्ष), पिता कृष्णा राय, निवासी देदौर, थाना बख्तियारपुर, जिला पटना के रूप में हुई है।

आरपीएफ टीम ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद बरामद शराब को जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपित शराब तस्करों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी द्वारा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। छापेमारी एवं जांच अभियान में कुन्दन कुमार, निरीक्षक प्रभारी बक्सर, उप निरीक्षक बी.एस. ओझा, सहायक उप निरीक्षक उमेश राय, सहायक उप निरीक्षक जयप्रकाश राम तथा कांस्टेबल एस.एन.एस. यादव शामिल रहे।

रेलवे सुरक्षा बल की ओर से बताया गया कि रेल परिसरों और ट्रेनों के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सतर्कता और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ रेल मार्ग से शराब एवं अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी रोकने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button