त्योहारों में निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर विद्युत विभाग अलर्ट, मेंटेनेंस कार्यों में तेजी के निर्देश
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, ट्रांसफार्मर से लेकर 33 केवी-11 केवी और एलटी लाइनों की होगी सघन जांच

न्यूज़ विज़न। बक्सर
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान जिले में निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विद्युत विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो और आमजन सुरक्षित माहौल में पर्व मना सकें, इसे लेकर सोमवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बक्सर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति अंचल, आरा ने की। इसमें बक्सर प्रमंडल के सभी विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत अभियंता एवं कनीय विद्युत अभियंता मौजूद रहे। बैठक में त्योहारों के दौरान संभावित विद्युत व्यवधान, विद्युत संरचनाओं की सुरक्षा और लंबित मेंटेनेंस कार्यों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता ने सभी विद्युत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर (डीटीआर) की सुरक्षा फेंसिंग और उचित रखरखाव का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। विद्युत उपकरणों की सुरक्षा के साथ-साथ खुले एवं असुरक्षित स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
जर्जर तारों और सेपरेटरों की होगी जांच
बैठक में कवर कंडक्टर एवं सेपरेटर से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। जर्जर तारों को बदलने, कवर कंडक्टर के रखरखाव तथा शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए लगाए गए सेपरेटरों की स्थिति की जांच करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि जहां कहीं भी विद्युत तार या उपकरण खराब स्थिति में हैं, वहां आवश्यक मरम्मत एवं बदलाव का कार्य समय रहते पूरा कर लिया जाए।
33 केवी, 11 केवी और एलटी लाइनों की सघन जांच
त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए 33 केवी, 11 केवी और एलटी लाइनों के साथ-साथ विद्युत शक्ति उपकेंद्रों की सघन जांच और आवश्यक मरम्मत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विद्युत नेटवर्क का निरीक्षण कर संभावित खराबियों को पहले ही चिन्हित करने और उन्हें दूर करने को कहा गया।
मेंटेनेंस कार्य में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत
अधीक्षण अभियंता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों से पहले सभी आवश्यक मेंटेनेंस कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने चल रहे कार्यों में तेजी लाने और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत रखने पर जोर दिया, ताकि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति न्यूनतम रहे।




