सफाई के बाद सड़क पर कचरा फेंका तो होगी कार्रवाई, बक्सर नगर परिषद ने तीन रेस्टोरेंट को भेजा नोटिस
नमक गोला रोड के पार्क व्यू फैमिली रेस्टोरेंट, नमक फैमिली रेस्टोरेंट और कोलकाता रॉयल बिरयानी हाउस पर कार्रवाई की शुरुआत, डस्टबिन रखना अनिवार्य

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर की सड़कों पर अब मनमाने तरीके से कूड़ा-कचरा फेंकना महंगा पड़ सकता है। नगर परिषद ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सफाई के बाद दोबारा सड़क, नाली और फुटपाथ पर कचरा फेंकने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को नमक गोला रोड स्थित तीन प्रमुख रेस्टोरेंटों को नगर परिषद की ओर से नोटिस जारी किया गया।
नोटिस पाने वाले प्रतिष्ठानों में पार्क व्यू फैमिली रेस्टोरेंट, नमक फैमिली रेस्टोरेंट और कोलकाता रॉयल बिरयानी हाउस शामिल हैं। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में नियमित रूप से झाड़ू लगाने और कचरा उठाने का काम किया जाता है। इसके बावजूद सफाई के बाद रेस्टोरेंटों और अन्य प्रतिष्ठानों से सड़क, नाली एवं फुटपाथ पर दोबारा कचरा फेंके जाने की शिकायत लगातार मिल रही थी। उन्होंने बताया कि इस तरह की लापरवाही के कारण सफाई के कुछ ही समय बाद सड़क पर दोबारा गंदगी फैल जाती है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि कोई भी दुकानदार या व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपनी सुविधा के अनुसार सड़क किनारे कचरा नहीं डाल सकता।
डस्टबिन रखना होगा अनिवार्य
नगर परिषद की ओर से सभी रेस्टोरेंट एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने का निर्देश दिया गया है। प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को नगर परिषद के सफाई वाहनों को ही सौंपना होगा। शहर में सुबह और शाम सफाई एवं कचरा उठाव की व्यवस्था उपलब्ध है। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नगर परिषद क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के पालन को लेकर मोबाइल कोर्ट के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, नालियों और फुटपाथ पर कचरा फेंकना अथवा कचरा जलाना प्रतिबंधित है।
नगर परिषद ने चेतावनी दी है कि निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन उपविधि-2019 एवं बिहार नगरपालिका अधिनियम-2007 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद की इस कार्रवाई से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क किनारे कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की उम्मीद है।




