OTHERS

क्षेत्रीय गणित-विज्ञान मेले में विष्णु कांत ने हासिल किया प्रथम स्थान, अब अखिल भारतीय स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा

सरस्वती विद्या मंदिर अहिरौली में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की पूर्व संध्या पर विशेष कार्यक्रम, दोनों महापुरुषों के जीवन-मूल्यों को अपनाने का आह्वान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सरस्वती विद्या मंदिर, अहिरौली, बक्सर में गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती की पूर्व संध्या पर विद्यालय प्रांगण में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित, माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि का उल्लेख किया गया। विगत दिनों झारखंड के रामगढ़ में आयोजित क्षेत्रीय स्तर के गणित-विज्ञान मेले में विद्यालय के भैया विष्णु कांत ने वैदिक गणित की प्रस्तुति में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय एवं परिवार का नाम गौरवान्वित हुआ है। क्षेत्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के आधार पर आगामी 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले अखिल भारतीय स्तर के गणित-विज्ञान मेले में विष्णु कांत की सहभागिता सुनिश्चित हुई है। विष्णु कांत की इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमन कुमार सिंह, विभाग प्रमुख लालबाबू प्रसाद एवं उप प्रधानाचार्य मनोरंजन कुमार सहित विद्यालय के सभी आचार्य एवं आचार्याओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य भैया-बहनों के लिए भी प्रेरणादायी है।

 

गांधी और शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग प्रमुख लालबाबू प्रसाद ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सत्याग्रह के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रहित के लिए एकजुट किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति से देश के सामने अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना, अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पित रहना उनके जीवन से सीखा जा सकता है। उन्होंने भैया-बहनों से दोनों महान विभूतियों के जीवन-मूल्यों को अपने आचरण में उतारने तथा शिक्षा के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विवेक राय, अमित राय, दिनेश शर्मा, अखिलेश राय, मदन पाण्डेय, सत्येंद्र उपाध्याय, अनूप चौबे, शेखर झा, धीरेन्द्र कुमार सिंह सहित विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या एवं बड़ी संख्या में भैया-बहन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं समाज के प्रति सकारात्मक संकल्प के साथ हुआ। वहीं विष्णु कांत की क्षेत्रीय स्तर पर मिली सफलता और आगामी अखिल भारतीय गणित-विज्ञान मेले में उनकी सहभागिता को विद्यालय परिवार ने गौरव का विषय बताया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button