ACCIDENT

मुख्यमंत्री के बक्सर पहुंचने से पहले भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन में मारी टक्कर; तीन पुलिसकर्मी गंभीर

पचदरवा पुल के समीप देर रात करीब डेढ़ बजे हुआ हादसा, एसआई संजीव कुमार सिंह समेत चालक और गृह रक्षक घायल; ट्रक चालक फरार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर पहुंचने से कुछ घंटे पहले जिले में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नावानगर थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम का वाहन एनएच-120 पर पचदरवा पुल के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।

 

इस हादसे में नावानगर थाना के एसआई संजीव कुमार सिंह, पुलिस वाहन चालक ओमप्रकाश सिंह और गृह रक्षक बिहारी कुमार घायल हो गए। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के तत्काल बाद सभी घायलों को इलाज के लिए बिक्रमगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

 

रात्रि गश्त के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे नावानगर थाना की पुलिस टीम थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त पर निकली थी। इसी दौरान एनएच-120 पर पचदरवा पुल के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की तस्वीरें हादसे की गंभीरता को बयां कर रही हैं। क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन को देखकर टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेते हुए घायल पुलिसकर्मियों के इलाज की स्थिति की जानकारी ली। वहीं, फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच कर रही है। ट्रक की पहचान और चालक तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले हादसे ने बढ़ाई चिंता

गौरतलब है कि आज वामन द्वादशी के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बक्सर पहुंचने वाले हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। ऐसे समय में ड्यूटी पर निकली पुलिस टीम के वाहन के साथ हुए इस भीषण हादसे ने पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल घायल तीनों पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button