OTHERS

वामन द्वादशी पर बक्सर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भगवान वामन की करेंगे पूजा-अर्चना; 1 घंटे 20 मिनट का कार्यक्रम तय

बक्सर एयरपोर्ट से वामन भगवान मंदिर, चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन और अहिरौली भाजपा कार्यालय तक रहेगा कार्यक्रम; जीविका दीदियों से संवाद और कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
वामन द्वादशी के अवसर पर भगवान वामन की पूजा-अर्चना एवं विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को बक्सर पहुंचेंगे। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का बक्सर दौरा लगभग एक घंटा 20 मिनट का होगा। इस दौरान वे भगवान वामन मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ-साथ विभिन्न विकास योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों का जायजा लेंगे और स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।

 

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना हवाई अड्डे से हवाई मार्ग से दोपहर 12:20 बजे बक्सर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद 12:25 बजे सड़क मार्ग से बक्सर स्थित भगवान वामन मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री 12:30 बजे मंदिर पहुंचेंगे और वहां 12:30 से 12:50 बजे तक भगवान वामन की पूजा-अर्चना करेंगे। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री 12:50 बजे बक्सर प्रखंड के चुरामनपुर पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन के लिए रवाना होंगे। निर्धारित मार्ग में वे चरित्रवन सोन नहर एवं आसपास के क्षेत्र का बिना रुके अवलोकन करते हुए आगे बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री लगभग 1 बजे चुरामनपुर स्थित पंचायत सरकार भवन पहुंचेंगे।

 

जीविका दीदियों और स्थानीय लाभुकों से करेंगे संवाद
पंचायत सरकार भवन में मुख्यमंत्री जीविका भवन का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही ‘कहानी बदलाव’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लाभुकों से बातचीत करेंगे। वे जीविका दीदियों से मुलाकात कर उनके कार्यों और अनुभवों की जानकारी लेंगे। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कैनाल प्रोजेक्ट के 3D मॉडल एवं पीपीटी प्रस्तुति का भी अवलोकन किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:20 बजे चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन से अहिरौली स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के लिए रवाना होंगे। लगभग 1:25 बजे वे भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। कार्यकर्ताओं के साथ यह कार्यक्रम करीब 10 मिनट का निर्धारित किया गया है।

सरस्वती विद्या मंदिर से पटना के लिए होंगे रवाना
कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद मुख्यमंत्री 1:35 बजे अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय से सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में बने हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे 1:40 बजे सरस्वती विद्या मंदिर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। वामन द्वादशी के अवसर पर मुख्यमंत्री के बक्सर आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम स्थल और निर्धारित मार्गों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button