CRIME

धान के खेतों का हाल देखने निकले बुजुर्ग की भागड़ में डूबने से मौत, घर नहीं लौट सकी आखिरी यात्रा

सुबह मोटरसाइकिल से खेत देखने निकले थे 68 वर्षीय रामप्रवेश यादव, दोपहर में मठिया के पास भागड़ से बरामद हुआ शव; घटना से परिवार में मचा कोहराम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
धान की फसल और खेतों का हाल देखने घर से निकले एक बुजुर्ग की रविवार को भागड़ में डूबने से मौत हो गई। खेतों का जायजा लेने निकले रामप्रवेश यादव की यह यात्रा उनकी आखिरी यात्रा साबित होगी, इसका अंदाजा उनके परिजनों को भी नहीं था। घटना चक्की थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा गांव की है, जहां 68 वर्षीय रामप्रवेश यादव की महर्षि श्यामसुंदर दास की मठिया के पास स्थित भागड़ में डूबने से मौत हो गई। करीब दोपहर दो बजे ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद उनका शव पानी से बाहर निकाला जा सका।

 

सुबह सात बजे मोटरसाइकिल से निकले थे खेत देखने
परिजनों के अनुसार रामप्रवेश यादव रविवार की सुबह करीब सात बजे अपनी मोटरसाइकिल से धान के खेतों का जायजा लेने के लिए घर से निकले थे। उनका उद्देश्य खेतों में लगी धान की फसल और उसकी स्थिति का निरीक्षण करना था। सामान्य दिनों की तरह खेत देखने निकले रामप्रवेश यादव दोपहर तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। करीब 12 बजे तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू कर दी। जानकारी मिली कि वह मोटरसाइकिल लेकर खेत की ओर गए थे। इसके बाद खेतों के साथ-साथ भागड़ और उसके आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की जाने लगी।

 

भागड़ में डूबने की मिली जानकारी, ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू
तलाश के दौरान रामप्रवेश यादव के भागड़ में डूबने की जानकारी मिली। इसके बाद गांव के लोगों ने बिना देर किए पानी में उतरकर उनकी तलाश शुरू कर दी। सुमंत यादव, छोटक दास उर्फ साधु जी, पालखिड़ा गोड़, विनोद यादव और मोटक यादव समेत कई ग्रामीणों ने भागड़ में काफी देर तक खोजबीन की। ग्रामीणों के लगातार प्रयास के बाद करीब दो बजे रामप्रवेश यादव का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही घटनास्थल पर परिजनों की चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और परिवार में कोहराम मच गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रामप्रवेश यादव अपने पीछे एक पुत्र राजू यादव और चार पुत्रियों को छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्री की शादी अभी बाकी थी। पिता की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौके पर पहुंचे ब्रह्मपुर विधायक, नाव उपलब्ध कराने की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कराने के लिए अधिकारियों से बातचीत की। साथ ही भागड़ में लोगों की सुरक्षा और आवागमन को देखते हुए अंचलाधिकारी से नाव उपलब्ध कराने की मांग की।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
चक्की थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया गया है। वहीं अंचलाधिकारी संगीता कुमारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ अंचल कार्यालय में आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जाएगी। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने पर पीड़ित परिवार के बैंक खाते में राहत राशि भेजी जाएगी। सीओ ने यह भी बताया कि महर्षि श्यामसुंदर दास की मठिया के पास स्थित भागड़ में जल्द ही नाव उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

न्यूज़ विज़न : सही खबर, सकारात्मक सोच, सशक्त समाज, जनता की आवाज।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button