बाल श्रम के खिलाफ बक्सर में धावा, इटाढ़ी से एक बाल श्रमिक मुक्त
डीएम साहिला के निर्देश पर दोनों अनुमंडलों में एक साथ चला अभियान, बाल श्रमिक को बाल कल्याण समिति को सौंपा गया

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बाल श्रम पर प्रभावी रोकथाम लगाने और बच्चों को शोषण से मुक्त कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर बक्सर जिले के दोनों अनुमंडलों में एक साथ बाल श्रम के विरुद्ध धावा दल का विशेष अभियान चलाया गया। जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं कार्यस्थलों पर जांच की गई और बाल श्रम से जुड़े मामलों पर कार्रवाई की गई।
बाल श्रम उन्मूलन के लिए श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा गठित धावा दल में जिले के सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, इटाढ़ी थाना के पुलिसकर्मी तथा कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के कार्यकर्ता शामिल रहे। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर प्रतिष्ठानों और कार्यस्थलों का निरीक्षण किया तथा बाल श्रमिकों से संबंधित जानकारी जुटाई। अभियान के दौरान इटाढ़ी प्रखंड क्षेत्र से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया। कार्रवाई के बाद बाल श्रमिक को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जिला बाल कल्याण समिति, बक्सर के सुपुर्द कर दिया गया। समिति के माध्यम से बच्चे के संरक्षण, देखभाल और पुनर्वासन को लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बाल श्रमिक को नियोजित करने वाले दोषी नियोजक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बाल श्रम से जुड़े मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा हो सके और उन्हें शिक्षा तथा सुरक्षित भविष्य का अवसर मिल सके। जिला प्रशासन द्वारा बाल श्रम उन्मूलन के लिए ऐसे धावा दलों का लगातार संचालन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल बाल श्रमिकों को मुक्त कराना ही नहीं, बल्कि उनके पुनर्वासन और भविष्य को सुरक्षित करना भी है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल श्रम कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर बच्चों को शोषण से मुक्त कराया जा सके।




