OTHERS

ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ में आरपीएफ बक्सर की बड़ी कार्रवाई, चोरी के मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार

बक्सर स्टेशन पर विशेष निगरानी अभियान के दौरान मिली सफलता, दोनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंपा गया

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रेल यात्रियों के सामान एवं मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत बक्सर रेलवे स्टेशन पर विशेष निगरानी एवं जांच अभियान चलाया गया। 12 सितंबर को चलाए गए इस अभियान के दौरान आरपीएफ पोस्ट बक्सर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध अपराधियों को चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया।

 

आरपीएफ की टीम द्वारा स्टेशन परिसर एवं यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में जांच के दौरान टीम को दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पूछताछ एवं तलाशी की कार्रवाई के दौरान उनके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुनील कुमार (20 वर्ष), पिता- स्वर्गीय शिवजी चौहान, निवासी रघुनाथपुर, थाना ब्रह्मपुर, जिला बक्सर तथा जितेंद्र पांडेय (28 वर्ष), पिता- अशोक पांडेय, निवासी शाहपुर, थाना शाहपुर, जिला भोजपुर के रूप में हुई है। आरपीएफ बक्सर ने दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को बरामद चोरी के मोबाइल फोन के साथ अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सुपुर्द कर दिया। अब जीआरपी द्वारा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

 

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बताया गया कि रेल यात्रियों के सामान, मोबाइल एवं अन्य कीमती वस्तुओं की चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार सघन निगरानी, जांच एवं विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा आरपीएफ की प्राथमिकता में है। आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन पर चोरी एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। आरपीएफ ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान एवं मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित रेल पुलिस को दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button