बलिया में सोनार से लूट का खुलासा, छह गिरफ्तार; बक्सर-भोजपुर तक जुड़े तार
भरौली में आभूषण व्यवसायी से हुई लूट में 9 बदमाशों की भूमिका उजागर, 86.40 हजार रुपये, जेवर, दो बाइक, मोबाइल और तमंचा बरामद — तीन आरोपी अब भी फरार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
नरही थाना क्षेत्र में 15 अगस्त को आभूषण व्यवसायी से हुई लूट का बलिया पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सर्विलांस/स्वाट टीम और थाना नरही की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में कुल नौ बदमाश शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 86,400 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन, चांदी की दो जोड़ी पायल, पीली धातु की दो नाक कील, एक तमंचा, दो कारतूस और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को भरौली से गाजीपुर जाने वाले मार्ग पर एक सोनार अपनी दुकान बंद कर बेटे के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। उसके पास आभूषण और नकदी से भरा बैग था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने मुख्य सड़क पर उसका बैग लूट लिया। मामले में 16 अगस्त को नरही थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और सोनार की दुकान से घर तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ डंप डाटा और वीटीएस डाटा का विश्लेषण किया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल नौ आरोपियों की पहचान की।
20 अगस्त की रात करीब 9:05 बजे बघौना मोड़ के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास प्रधान, कृष्णा कुमार उर्फ धन्नू यादव, अमन महतो उर्फ रामलखन, राजू चौरसिया, मदन कुमार वर्मा और विशाल चौधरी के रूप में हुई है। इनमें विकास प्रधान और मदन कुमार वर्मा बक्सर जिले के, जबकि कृष्णा कुमार और अमन महतो भोजपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लूट के दौरान चार बदमाशों ने सोनार से बैग छीना था, जबकि अन्य लोगों ने रास्ते और दुकान की रेकी तथा मुखबिरी की थी। पुलिस के अनुसार, घटना से दो दिन पहले 13 अगस्त को आरोपियों ने दुकान और आने-जाने वाले रास्तों की रेकी भी की थी। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 61(2)क और 317(2) की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने इस मामले में तीन अन्य आरोपियों लड्डू सेठ उर्फ चंद्र प्रकाश वर्मा, प्रेम यादव और दीपू यादव उर्फ रोहित कुमार को वांछित बताया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार कुछ आरोपियों का बिहार में चोरी, हत्या, शस्त्र अधिनियम और लूट जैसे मामलों से भी आपराधिक संबंध सामने आया है। बलिया एसपी ओमवीर सिंह के मुताबिक, लूट का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।





