बिहार सेंट्रल स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
जूनियर वर्ग के नन्हे-मुन्नों ने गीत, नृत्य और भाषण से जगाई राष्ट्रप्रेम की भावना


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल परिसर में शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक आर. बी. सिंह, उप निदेशिका उर्मिला सिंह एवं सचिव सरोज सिंह ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद विद्यालय परिसर राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
अध्यक्षीय संबोधन में विद्यालय निदेशक आर. बी. सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण और यादगार अवसर है। यह दिन हमें उन अमर बलिदानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें उनके बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश की अस्मिता, एकता और अखंडता को सदैव बनाए रखना चाहिए।
विद्यालय सचिव सरोज सिंह ने कहा कि आज देश को सबसे अधिक आवश्यकता अपनी युवा पीढ़ी की है। युवा किसी भी राष्ट्र की अचल पूंजी और सकारात्मक परिवर्तन के प्रमुख वाहक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आदर्श मापदंड एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा राष्ट्र के विकास और राष्ट्रीय एकता-अखंडता के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत देव स्तुति से हुई, जिसे वर्ग 5 की छात्राओं नंदिनी और आराध्या ने प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में राष्ट्रप्रेम का रंग भर दिया। बच्चों ने देश की आजादी और राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण से जुड़े प्रेरणादायी भाषण भी प्रस्तुत किए।
समारोह विशेष रूप से जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों पर केंद्रित रहा। वर्ग 1 से 5 तक के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय सचिव सरोज सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने समारोह में शामिल सभी अभिभावकों, प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
वीडियो देखें :





