साड़ी का पल्लू बाइक के पहिए में फंसा, सड़क पर गिरीं पूर्व मुखिया आरती देवी; इलाज के दौरान मौत
पति के साथ बाइक से गांव लौट रही थीं कनझरुआं पंचायत की पूर्व मुखिया, बगही गांव के समीप हुआ दर्दनाक हादसा


न्यूज़ विजन | बक्सर
कोरान सराय थाना क्षेत्र के चुआड़ गांव में शुक्रवार को उस समय मातम पसर गया, जब कनझरुआं पंचायत की पूर्व मुखिया आरती देवी की सड़क हादसे में मौत हो गई। जिला मुख्यालय से अपने पति एवं पूर्व जिला पार्षद धनबिहारी पासवान के साथ बाइक से घर लौटने के दौरान बगही गांव के समीप यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में गंभीर रूप से घायल आरती देवी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आरती देवी अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर नहर मार्ग के रास्ते चुआड़ गांव स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बगही गांव के समीप अचानक उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पहिए में फंस गया। पल्लू के पहिए में फंसते ही वह तेजी से खिंच गया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और आरती देवी सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
आरती देवी के निधन की खबर जैसे ही चुआड़ गांव और आसपास के इलाके में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक उनके घर पहुंचने लगे। स्वजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। पूर्व मुखिया की असमय मौत को ग्रामीणों ने पंचायत और पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। ग्रामीणों का कहना था कि आरती देवी का इस तरह अचानक चले जाना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। आरती देवी के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति धनबिहारी पासवान समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे ने फिर बढ़ाई सावधानी की जरूरत
यह दर्दनाक घटना दोपहिया वाहन पर सफर करने वाली महिलाओं के लिए भी एक महत्वपूर्ण सावधानी का संदेश छोड़ गई है। साड़ी के पल्लू, दुपट्टे या अन्य ढीले कपड़ों को बाइक के पहिए, चेन या अन्य चलने वाले हिस्सों से सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी असावधानी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।





