OTHERS

बक्सर में गूंजा ‘भारत माता की जय’, तिरंगों से सजा शहर; डाक विभाग ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस से पहले डाक मंडल की पहल, डाक अधीक्षक कुमारी सरिता के नेतृत्व में निकली यात्रा; स्कूली बच्चों और डाककर्मियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति किया जागरूक

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बक्सर डाक मंडल की ओर से गुरुवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने किया। तिरंगा यात्रा में डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

तिरंगा यात्रा बक्सर प्रधान डाकघर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से गुजरती हुई आगे बढ़ी। हाथों में तिरंगा लिए डाककर्मियों और स्कूली बच्चों की बड़ी संख्या में मौजूदगी से शहर का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर नजर आया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ सहित विभिन्न देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

 

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर किया जागरूक

तिरंगा यात्रा के माध्यम से आम लोगों को केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया गया। डाक विभाग की ओर से नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की गई। साथ ही लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है। तिरंगा यात्रा के जरिए आम लोगों को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व में पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनने का संदेश दिया गया।

डाक विभाग की जनोपयोगी सेवाओं की भी दी जानकारी

इस अवसर पर डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने डाक विभाग की विभिन्न जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी भी लोगों को दी। उन्होंने बताया कि राखी मेल में राखी की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। इसके माध्यम से लोग अपने भाई-बहनों तक राखी को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से भेज सकते हैं। उन्होंने बताया कि बक्सर के डाकघरों में गंगाजल, राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) और राखी लिफाफा भी उपलब्ध कराया जा रहा है। 250 मिलीलीटर गंगाजल ₹30, राष्ट्रीय ध्वज ₹25 और राखी लिफाफा ₹10 में उपलब्ध है।

डाक अधिकारियों और कर्मचारियों की रही सहभागिता

तिरंगा यात्रा में सहायक डाक अधीक्षक (मुख्यालय) पुष्पेंद्र कुमार, शिकायत निरीक्षक आदित्य राज, बक्सर प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर प्रेम चंद कुमार सहित डाक मंडल एवं डाकघर के सभी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सहभागिता ने यात्रा को और आकर्षक बना दिया। डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। तिरंगा यात्रा के माध्यम से डाक विभाग ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और जनसेवा का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाने का आह्वान किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button