OTHERS

सावन के रंग में रंगा केसरवानी समाज, महिलाओं ने धूमधाम से मनाया सावन महोत्सव

गोयल स्मृति भवन में सजी सावन की महफिल, मेहंदी, संगीत, नृत्य और मनोरंजक खेलों ने बांधा समां; हरियाली रंग की साड़ियों में सजी महिलाओं ने लिया उत्सव का आनंद

न्यूज विज़न। बक्सर
केसरवानी वैश्य नगर महिला सभा, बक्सर के तत्वावधान में शनिवार को केसरवानी समाज की महिलाओं द्वारा सावन महोत्सव का भव्य एवं उल्लासपूर्ण आयोजन गोयल स्मृति भवन में किया गया। सावन के पावन महीने की उमंग और उत्साह से सराबोर इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और गोयल स्मृति भवन सावन के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि कश्यप मुनि के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद महिलाओं ने सावन महोत्सव को पारंपरिक एवं मनोरंजक अंदाज में मनाते हुए विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सावन की विशेष थीम के अनुरूप कार्यक्रम में शामिल महिलाएं हरियाली रंग की साड़ियों में सज-धजकर पहुंचीं। एक जैसी थीम में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ा दिया। पारंपरिक परिधान और सावन के गीत-संगीत के बीच महिलाओं ने जमकर उत्सव का आनंद लिया।

महोत्सव के दौरान मेहंदी प्रतियोगिता, संगीत, नृत्य, कुर्सी संगीत, बैलून फोड़ना सहित कई मनोरंजक खेलों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिलाओं ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाया। गीत-संगीत और नृत्य के बीच कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्सवी बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी। महिलाओं ने सामूहिक रूप से व्यंजनों का आनंद लिया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। सावन महोत्सव ने समाज की महिलाओं को आपसी मेल-जोल, मनोरंजन और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का एक बेहतर अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन रितु केशरी ने किया। इस अवसर पर केसरवानी वैश्य नगर महिला सभा की अध्यक्ष रेखा केशरी, महामंत्री अनिता केशरी एवं कोषाध्यक्ष नूतन केशरी सहित समाज की अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज की महिलाओं को एक मंच पर जोड़ने के साथ-साथ आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सावन महोत्सव में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button