राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी, 8 अगस्त को एम.वी. कॉलेज में गूंजेंगे देशभक्ति के सुर
भारत विकास परिषद विश्वामित्र शाखा की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप, युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना जगाने का लिया संकल्प


न्यूज विज़न। बक्सर
भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत की विश्वामित्र शाखा, बक्सर द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को बाजार समिति स्थित शाखा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्षा श्रीमती वर्षा पाण्डेय ने की, जिसमें प्रतियोगिता के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा पर विचार-विमर्श करते हुए मंच संचालन, मुख्य अतिथियों के स्वागत, प्रतिभागी विद्यालयों की व्यवस्था, पंजीकरण, मंच एवं ध्वनि व्यवस्था, निर्णायक मंडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच बांटी गईं। सभी को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
शाखा अध्यक्षा श्रीमती वर्षा पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं संगीत के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय चेतना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में देशप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समर्पण भाव के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकजुट होकर प्रतियोगिता को भव्य, अनुशासित एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस आयोजन में जिले के विभिन्न विद्यालयों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रहेगी और प्रतियोगिता राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सफल होगी।
गौरतलब है कि भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन 8 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे एम.वी. कॉलेज, बक्सर के मानस भवन में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित समूहगान प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में भारत विकास परिषद विश्वामित्र शाखा बक्सर की अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय, सचिव संजय कुमार राय, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार दुबे, संस्कार संयोजक प्रकाश पाण्डेय, पर्यावरण संयोजक विपिन कुमार, हरेन्द्र कुमार पाण्डेय, अमित कुमार पाण्डेय, सरोज कुमार तिवारी, अखिलेश कुमार, ई. विकास कौशिक सहित शाखा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





