सीपीआर सीखेंगे तो बचेंगी जानें: रोटरी क्लब बक्सर ने 100 से अधिक विद्यार्थियों को दिया जीवन रक्षक प्रशिक्षण
बक्सर पब्लिक स्कूल में आयोजित डेढ़ घंटे के प्रशिक्षण शिविर में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सीखी हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में सीपीआर देने की तकनीक


न्यूज विज़न। बक्सर
रोटरी क्लब बक्सर की ओर से बुधवार को बाजार समिति रोड स्थित बक्सर पब्लिक स्कूल में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस जीवन रक्षक प्रशिक्षण शिविर में रोटेरियन डॉ. दिलशाद आलम ने हार्ट अटैक अथवा हृदय गति रुकने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए सीपीआर देने की सही तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में विद्यालय की कक्षा 9 एवं 10 के लगभग 100 छात्र-छात्राओं तथा 20 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी व्यक्ति की सांस या दिल की धड़कन अचानक बंद हो जाने पर घबराने के बजाय किस प्रकार सही समय पर और सही तरीके से सीपीआर देकर उसकी जान बचाई जा सकती है।
लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया गया। प्रत्येक चरण में प्रतिभागियों को सीपीआर की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन कर अभ्यास भी कराया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे वास्तविक परिस्थितियों में इसका सही उपयोग कर सकें।
इस अवसर पर डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की सांस या हृदय गति रुक जाए तो तुरंत सीपीआर शुरू करने से शरीर और मस्तिष्क तक ऑक्सीजन युक्त रक्त का प्रवाह बना रहता है।
इससे मरीज के जीवित बचने की संभावना दो से तीन गुना तक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि आम लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को इस तकनीक का ज्ञान होना बेहद आवश्यक है, क्योंकि आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट सबसे अधिक महत्वपूर्ण होते हैं।
रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष रो. निर्मल कुमार सिंह ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी रोटेरियनों एवं डॉ. दिलशाद आलम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब समाज सेवा के साथ-साथ लोगों को जीवन रक्षक कौशल से भी जोड़ने का कार्य कर रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक ऐसी महत्वपूर्ण तकनीक सीखी है, जिसकी मदद से भविष्य में कई लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष रो. निर्मल कुमार सिंह, रो. प्रदीप कुमार जायसवाल, रो. डॉ. दिलशाद आलम, रो. एस.एम. साहिल, रोटेरियन नरेश पोद्दार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और आपदा प्रबंधन की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





