बांकीपुर जीत पर बक्सर में जन सुराज का शक्ति प्रदर्शन, विजय जुलूस में गूंजा बदलाव का संदेश
ज्योति चौक से निकला विजय जुलूस, रंग-गुलाल और मिठाई के साथ मनाया जश्न; चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक तथागत हर्षवर्धन और जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा— यह सिर्फ एक सीट नहीं, बिहार में बदलाव की शुरुआत है


न्यूज विज़न। बक्सर
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज की ऐतिहासिक जीत के बाद बुधवार को बक्सर शहर में भव्य विजय जुलूस, जश्न एवं आभार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने किया।ज्योति चौक से शुरू हुए विजय जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। उन्होंने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया, मिठाइयां बांटी और जीत की खुशी में जमकर नारेबाजी की।
विजय जुलूस के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक तथागत हर्षवर्धन ने कहा कि बांकीपुर की जीत केवल एक विधानसभा सीट की जीत नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में बदलाव की नई शुरुआत का संकेत है। उन्होंने कहा कि जन सुराज के प्रणेता प्रशांत किशोर जिस सोच, संकल्प और जनभागीदारी के साथ पूरे बिहार में परिवर्तन की मुहिम चला रहे हैं, बांकीपुर की जनता ने उस पर अपनी मुहर लगा दी है।
उन्होंने कहा कि बक्सर में उमड़ी भीड़ भी यह संदेश दे रही है कि अब प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है।जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत जन सुराज के कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के विश्वास और प्रशांत किशोर के नेतृत्व में चल रहे बदलाव के अभियान की जीत है। उन्होंने कहा कि बिहार में परिवर्तन की यह शुरुआत है और आने वाले समय में जन सुराज राज्य की राजनीति में एक नई दिशा देने का काम करेगा। उन्होंने बांकीपुर की जनता के साथ-साथ बक्सर के सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे भी जनता के बीच काम करता रहेगा।
विजय जुलूस ज्योति चौक से प्रारंभ होकर पुलिस चौकी, पीपर पाटी रोड, मुनीम चौक, जमुना चौक, ठठेरी बाजार मोड़ होते हुए पुनः पुलिस चौकी पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और जीत का उत्साह मनाया। कई स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत भी किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धनजी पांडे, कनकलता सिंह, आशा देवी, मनोज उपाध्याय, अजीत सम्राट, अरविंद पांडे, जयराम कुशवाहा, रिंकी उपाध्याय, विजय पाठक, मणिशंकर पांडे, एजाज खान, प्रभुदत्त ओझा, दुर्गा, जयशंकर सिंह, अभिषेक मौर्य, नजीर खान, गुड्डू चौबे, अरुण मिश्रा, श्रीमान राय, आनंद मिश्रा, पुष्पा देवी, राधिका देवी, विपुल चौबे, दीपक मिश्रा, धीरेंद्र पाठक, उद्धव पांडे, धाकड़ पांडे, संजय सिंह, राजीव शर्मा, विजय आनंद, अभिषेक सिंह वर्मा, अजय सिंह, बनारसी बिहारी, चंदन पाठक, विशेश्वर दुबे, बद्री चौबे, लियाकत खान, दीपक राय, प्रभात कुमार, दीपक सिंह, प्रेम राय, शिवनंदन ठाकुर, हृदयनंद मिश्रा, आनंद सिंह, सत्येंद्र सिंह, गुड्डू यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
जन सुराज नेताओं ने अंत में बांकीपुर की सम्मानित जनता तथा बक्सर के सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखना ही संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।





