इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग पर आंदोलन तेज, अनिश्चितकालीन धरने के पांचवें दिन प्रशासन को दी आर-पार की चेतावनी
श्रावण में श्रद्धालुओं, छात्रों, किसानों और व्यापारियों की परेशानी का मुद्दा उठाया, संघर्ष मोर्चा बोला— गुमटी नहीं खुली तो आंदोलन होगा और उग्र


न्यूज़ विज़न। बक्सर
इटाढ़ी रेलवे गुमटी को खोलने की मांग को लेकर अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार, 3 अगस्त को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन डॉ. अजीत कुशवाहा ने किया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, किसान, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरनारियों को संबोधित करते हुए सरोज राजभर ने रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी बंद होने से आम लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। विशेष रूप से श्रावण माह में जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गुमटी बंद रहने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। किसानों को खेतों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है, व्यापारियों के व्यवसाय पर असर पड़ रहा है तथा महिलाओं और बुजुर्गों को रोजमर्रा के आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रास्ते का मामला नहीं, बल्कि हजारों लोगों की दैनिक जरूरतों और सुविधाओं से जुड़ा मुद्दा है।
सरोज राजभर ने दो टूक शब्दों में कहा कि संघर्ष मोर्चा जनता के अधिकारों की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ता रहेगा और इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलवाने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते जनहित में निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी। धरने को संबोधित करने वालों ने भी प्रशासन से अविलंब गुमटी खोलने की मांग करते हुए कहा कि लंबे समय से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है, लेकिन समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
धरना कार्यक्रम में मुख्य रूप से जितेंद्र कुमार, अजीत कुमार, महिला नेत्री कृष्णावती देवी, जिला सह-संयोजक दीनानाथ ठाकुर, विनोद कुशवाहा, व्यास, चंदन तेजस्वी, जगनारायण सिंह, बीरबल पासवान, राम इकबाल ठाकुर, रमाकांत चंद्रवंशी, राजकुमार, गौतम चौहान, जेपी यादव, सूर्यकांति देवी, रीमा देवी, कमलेश राव, रमन राजभर, मिथिलेश राजभर, ददन ठाकुर, मुन्ना ओझा, मनजी राजभर, लाल बाबू माली, गुड्डू शर्मा, दुलार कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। धरनारियों ने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग की तथा स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।





