ACCIDENT

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पैदल जा रहे व्यक्ति को मारी टक्कर, हुयी मौत, चालक फरार

मंगलवार सुबह बाजार समिति रोड में 10:45 बजे हुआ हादसा, नगर थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; ट्रैक्टर जब्त, मालिक व चालक की तलाश जारी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति रोड पर मंगलवार पूर्वाह्न करीब 10:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रहे एक व्यक्ति की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

 

मृतक की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर निवासी चन्द्रबिन्दु पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घटना के संबंध में मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

 

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने बरामद कर लिया है। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रैक्टर के मालिक और चालक की पहचान करने में जुटी है तथा मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद बाजार समिति रोड पर कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के संचालन पर चिंता जताते हुए प्रशासन से नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button