कृषि विज्ञान केंद्र बक्सर में 15 दिवसीय ‘समेकित पोषक तत्व प्रबंधन’ प्रशिक्षण का समापन, 40 प्रतिभागियों को मिला प्रमाणपत्र
आईसीएआर के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में वैज्ञानिकों ने संतुलित उर्वरक उपयोग, जैव उर्वरकों और मृदा संरक्षण की उन्नत तकनीकों से कराया अवगत


न्यूज़ विज़न। बक्सर
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के निदेशक डॉ. अनुप दास के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), बक्सर द्वारा आयोजित 15 दिवसीय सर्टिफिकेट कोर्स “समेकित पोषक तत्व प्रबंधन (आईएनएम)” का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 13 जुलाई से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 40 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को 32 सैद्धांतिक एवं 12 व्यवहारिक सत्रों के माध्यम से आधुनिक पोषक तत्व प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दी गई।
समापन समारोह में आईसीएआर-पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के विभागाध्यक्ष एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. उज्जवल कुमार ने ब्लू-ग्रीन एल्गी, ट्राइकोडर्मा तथा बायो फर्टिलाइजर जैसे जैव इनोकुलेंट्स के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए संतुलित खाद एवं उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी दी। वहीं विभागाध्यक्ष एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार ने समेकित कृषि प्रणाली में पोषक तत्व प्रबंधन, मृदा कटाव से होने वाले पोषक तत्वों के नुकसान तथा उसके संरक्षण के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने बागवानी फसलों के लिए मृदा नमूना संग्रहण की वैज्ञानिक तकनीकों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र, बक्सर के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह प्रमुख डॉ. देवकरन ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी ज्ञान को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाएं, ताकि कृषि उत्पादन एवं मिट्टी की उर्वरता में सुधार हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक एवं विशेषज्ञ डॉ. रामकेवल ने प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए तथा प्रतिभागियों का अंतिम मूल्यांकन कराया। इस अवसर पर नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक आनंद वर्द्धन ने कृषि एवं ग्रामीण विकास में नवाचार तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञ हरिगोबिन्द ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मूल्यांकन के उपरांत सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में विवेक कुमार, विश्वास कुमार, मोनू गौंड, सरिता कुमारी, प्रतिभा कुमारी, सोनाली देवी, पुष्पा देवी सहित अन्य प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। वहीं केंद्र के आरीफ परवेज, रवि चटर्जी, राकेश मणि, राजेश कुमार राय एवं सरफराज अहमद खान ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।





