हेरोइन तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 5.57 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
सोनवर्षा थाना पुलिस की गुप्त सूचना पर छापेमारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को भेजा गया जेल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के नावानगर प्रखंड अंतर्गत सोनवर्षा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.57 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोनवर्षा थाना अध्यक्ष राजीव रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनवर्षा गांव का एक व्यक्ति हेरोइन की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की। इस दौरान गांव निवासी मो. लुकमान मियां को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 5.57 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हेरोइन को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर आसपास के गांवों में बेचता था। वह अपने पास मादक पदार्थ रखकर स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई करने का काम करता था। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखने की मांग की है।





