ACCIDENT

डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर दर्दनाक हादसा: ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

खलवा इनार के समीप हुई आमने-सामने की भिड़ंत, चालक ई-रिक्शा लेकर फरार; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, पुलिस जांच में जुटी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ पर मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कोरानसराय थाना क्षेत्र के खलवा इनार के समीप शाम करीब साढ़े चार बजे हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

 

मृतक की पहचान डुमरांव थाना क्षेत्र के मिश्रवलियां गांव निवासी शिवबली राम के 30 वर्षीय पुत्र रामेश्वर राम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रामेश्वर राम अपनी ससुराल सिकरौल थाना क्षेत्र के रेंका-पांडेयपुर गांव से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह खलवा इनार के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सिर के बल सड़क पर गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और काफी मात्रा में रक्तस्राव हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल उन्हें उठाकर डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में शव से लिपटकर परिजनों का विलाप देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। मृतक तीन भाइयों में मझला था। अपने पीछे वह चार मासूम पुत्रियों को छोड़ गया है। पिता शिवबली राम, माता रामरती देवी, पत्नी प्रेमा देवी, बड़े भाई अनिल राम, छोटे भाई सत्येंद्र सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने बिलखते हुए बताया कि अब चारों बच्चियों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी परिवार पर आ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही कोरानसराय थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के बाद फरार हुए ई-रिक्शा चालक और वाहन की तलाश में जुट गई है।

कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि खलवा इनार के समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। दुर्घटना करने वाले ई-रिक्शा और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मिश्रवलियां गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button