ACCIDENT

NH-922 पर दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक की दर्दनाक मौत, चार घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव

बक्सर के चुरामनपुर के पास तड़के हुआ हादसा, ट्रेलर की केबिन के उड़े परखच्चे; एक लेन पर घंटों जाम, पुलिस-फायर ब्रिगेड और फोरलेन टीम ने संयुक्त रूप से चलाया राहत एवं बचाव अभियान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
राष्ट्रीय राजमार्ग-922 (पटना-बक्सर फोरलेन) पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर के समीप दो ट्रेलरों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भयावह थी कि चालक ट्रेलर की केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसका शव पूरी तरह दबकर क्षत-विक्षत हो गया।

 

घटना बुधवार अहले सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे ट्रकों की लंबी कतार लग गई। हालांकि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए दूसरी लेन से अन्य वाहनों का परिचालन शुरू कराया, जिससे यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना प्रभारी सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके अलावा यातायात पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम, फायर ब्रिगेड तथा फोरलेन निर्माण कंपनी की एंबुलेंस और राहत-बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गया। दुर्घटना की भयावहता को देखते हुए बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

 

करीब चार घंटे तक लगातार चले राहत अभियान के दौरान दो क्रेन और एक बुलडोजर की मदद से आपस में बुरी तरह फंसे दोनों ट्रेलरों को अलग किया गया। इसके बाद केबिन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला जा सका। औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि मृत चालक की पहचान भरत यादव (47 वर्ष), पिता खरपतु यादव, ग्राम उमरऋषि, पोस्ट डोमाडीह, थाना गंभीरपुर, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन हादसे की वजह हो सकते हैं, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात पूरी तरह बहाल कराया गया।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button