POLITICS

आम आदमी पार्टी ने संगठन विस्तार को दी नई धार, शुभम उपाध्याय बने जिला मुख्य प्रवक्ता

जिला कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में सदस्यता अभियान, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का लिया गया निर्णय, कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आम आदमी पार्टी (आप) बक्सर जिला इकाई की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने, आगामी राजनीतिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक में पार्टी नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया। निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में जिले के प्रत्येक पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, किसानों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक प्रभावी ढंग से आवाज़ बुलंद करेगी।

 

संगठन विस्तार के तहत नई जिम्मेदारियां
बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई सक्रिय कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वरिष्ठ कार्यकर्ता शशिकांत पांडेय को जिला उपाध्यक्ष, लंबे समय से पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित एवं सक्रिय नेता शुभम उपाध्याय को जिला मुख्य प्रवक्ता तथा ब्रजेश कुमार को जिला सचिव मनोनीत किया गया। पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन को नई दिशा और गति प्रदान करेगी तथा जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाएगी।

‘संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी ताकत’
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत संगठन होता है। उन्होंने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी बक्सर जिले में जनआंदोलनों को और अधिक मजबूती देगी तथा जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ेगी।

शुभम उपाध्याय की कार्यशैली की सराहना
जिला अध्यक्ष ने नवनियुक्त जिला मुख्य प्रवक्ता शुभम उपाध्याय की सराहना करते हुए कहा कि वे लंबे समय से पार्टी के कर्मठ, जुझारू और सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने संगठन निर्माण, जनसंपर्क और मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व को पूरा विश्वास है कि शुभम उपाध्याय अपने अनुभव, संवाद क्षमता और नेतृत्व कौशल के बल पर बक्सर में संगठन को नई ऊर्जा देंगे तथा आम आदमी पार्टी की आवाज़ को और अधिक प्रभावशाली तरीके से जनता तक पहुंचाएंगे।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे पदाधिकारी और कार्यकर्ता
बैठक में महिला शक्ति जिलाध्यक्ष रश्मि चौबे, जिला महासचिव रंजीत कुमार, जिला उपाध्यक्ष शशिकांत पांडेय, जिला विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेश कुमार, जिला मुख्य प्रवक्ता शुभम उपाध्याय, जिला सचिव ब्रजेश कुमार, प्रेम तिवारी, ओमप्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर आगामी दिनों में व्यापक कार्यक्रम चलाने का संकल्प लिया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए बक्सर में एक मजबूत और सक्रिय राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी भूमिका को और सशक्त बनाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button