बिलौटी पहुंचे मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के सचिव डॉ. दिलशाद आलम, भरत तिवारी के परिजनों को न्याय दिलाने का दिया भरोसा
श्रद्धांजलि सभा में कहा— पीड़ित परिवार को समय पर मिले न्याय और सरकारी सहायता; मानवाधिकार संगठन हर स्तर पर करेगा सहयोग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में सोमवार को दिवंगत भरत तिवारी की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय (बिहार) के सचिव तथा रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम (EVSM) शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहयोग एवं न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने युवा सदस्य को खोना अत्यंत दुखद और असहनीय पीड़ा का विषय होता है। ऐसे कठिन समय में समाज, प्रशासन और शासन की जिम्मेदारी बनती है कि पीड़ित परिवार को न्याय, सम्मान और सभी आवश्यक सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन इस पूरे मामले पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है तथा परिवार के संवैधानिक और मानवीय अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई परिवार सरकारी सहायता और वैधानिक अधिकारों का पात्र है, तो उसे बिना किसी देरी के उसका अधिकार मिलना चाहिए। संगठन इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।
इस अवसर पर मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के आरा विंग से अवधेश जी भी मौजूद रहे। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता अरुण कुमार और राहुल कुमार ने भी पीड़ित परिवार के समर्थन में अपनी बात रखते हुए सवाल उठाया कि यदि परिवार संवैधानिक अधिकारों और सरकारी सहायता का पात्र है, तो अब तक उन्हें उनका उचित हक क्यों नहीं मिल पाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष समीक्षा करते हुए परिवार को शीघ्र न्याय एवं सभी वैधानिक लाभ उपलब्ध कराने की मांग की। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत भरत तिवारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।कार्यक्रम के अंत में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन ने एक बार फिर भरोसा दिलाया कि वह पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा तथा न्याय, मानवीय अधिकारों की रक्षा और आवश्यक सहायता सुनिश्चित कराने के लिए हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएगा।





