OTHERS

बुढ़िया काली माई का वार्षिक पंचित पूजा सहोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न

लाखों श्रद्धालुओं ने किया माता का दर्शन-पूजन, बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था का सैलाब

न्यूज विजन। बक्सर
नगर के बाईपास रोड स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक बुढ़िया काली माई मंदिर में आयोजित वार्षिक पंचित पूजा सोमवार को श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में विधिवत संपन्न हो गई। नगर की अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजित माता के दर्शन एवं पूजन के लिए प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब मंदिर परिसर में उमड़ पड़ा। मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी तथा देर रात्रि तक मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा। सुबह से लेकर देर रात तक मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने आकर मां काली का जलाभिषेक व पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली के लिए मन्नते मांगी और मंगल की कामना की।

 

मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रातः 4 बजे से ही दर्शन एवं पूजन का क्रम प्रारंभ हो गया था। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन, सुरक्षा एवं पूजन व्यवस्था को लेकर समिति के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक पूरी तत्परता से सेवा में जुटे रहे। समिति द्वारा लगातार माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जाते रहे।

 

मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रदीप राय, सचिव शिवकुमार खेमका, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार सर्राफ एवं सुरक्षा सहायक बसंत कुमार व अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में संपूर्ण आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई तथा गर्भगृह में महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए महिला स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात रही। इसके अतिरिक्त महिला एवं पुरुष पुलिस बल के जवान पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए थे।

 

दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक माता का पारंपरिक वार्षिक पंचित पूजा वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल एवं शर्बत की निःशुल्क व्यवस्था की गई थी। धूप एवं वर्षा से बचाव हेतु विशाल वाटरप्रूफ टेंट लगाए गए थे। साथ ही निःशुल्क जूता-चप्पल स्टैंड की भी व्यवस्था की गई। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच माता का प्रसाद चना-गुड़, पूड़ी एवं हलवा वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने माता बुढ़िया काली के साथ-साथ भैरव बाबा, घरबसवनी माता एवं निमिया माई का भी पूड़ी, चना, गुड़, बतासा एवं नारियल अर्पित कर विधिवत पूजन-अर्चन किया।

 

संपूर्ण मंदिर परिसर “जय मां काली बक्सर नगर वाली” के जयघोष एवं भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। रात्रि 8:30 बजे माता की भव्य एवं दिव्य आरती छप्पनभोग प्रसाद के साथ वार्षिक पंचित पूजा का समापन हुआ। मंदिर प्रबंधन समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सभी स्वयंसेवकों एवं लाखों श्रद्धालुओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा माता बुढ़िया काली से समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की।

 

इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति के विशिष्ट सदस्यों में बिहारी केशरी, लाल जी वर्मा, मुन्ना केशरी, पहाड़ी वर्मा, दीपक जायसवाल, विनोद वर्मा, दीपक केशरी, बिट्टू केशरी, संदीप वर्मा, आदित्य कुमार, विंदा वर्मा, अनिल पटवा, गद्दी वर्मा,पारुल वर्मा, मनोज कुमार, सुनील गुप्ता, विनय वर्मा, संजय चौधरी, आकाश वर्मा, प्रमोद वर्मा, राजकपूर वर्मा, अनुप वर्मा, राम जी अग्रवाल, सरोज वर्मा,दीपक वर्मा, बड़े वर्मा, काशी जायसवाल,सुमित वर्मा, सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे तथा आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button