OTHERS

गरीब टैक्सी चालक की बेटी सपना कुमारी ने पहले ही प्रयास में CA की दोनों परीक्षाएं पास कीं

CA परीक्षा में ऐतिहासिक सफलता के बाद तिवाय गांव पहुंच सामाजिक संगठनों ने सपना कुमारी और उनके परिवार को किया सम्मानित

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत तिवाय गांव की रहने वाली सपना कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर वर्ष 2026 की ऑल इंडिया चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) परीक्षा में प्रथम प्रयास में ही पार्ट-1 और पार्ट-2 दोनों परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले तथा गांव का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।

 

सपना कुमारी एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता मधुसूदन सिंह दिल्ली में टैक्सी चालक के रूप में कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उनके दादा गांव में रहकर खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं। सपना के बड़े भाई सचिन कुमार नई दिल्ली स्थित आईजीएल (IGL) में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। सपना की सफलता के पीछे उनके पिता का संघर्ष और त्याग एक प्रेरणादायक उदाहरण है। सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद मधुसूदन सिंह ने अपने बच्चों की शिक्षा को कभी बाधित नहीं होने दिया। इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में दिल्ली गए और कठिन परिस्थितियों में रहकर परिवार का पालन-पोषण करते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाई। सपना कुमारी ने बताया कि उन्होंने इस परीक्षा की तैयारी के दौरान प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक नियमित अध्ययन किया। परीक्षा से पहले लगभग चार महीने तक उन्होंने स्वयं को घर में लगभग आइसोलेट कर लिया था ताकि पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई कर सकें। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और बड़े भाई को देते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित करने के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और हर परिस्थिति में अपने उद्देश्य पर फोकस बनाए रखा। इसी का परिणाम है कि उन्होंने देश की सबसे कठिन पेशेवर परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली सीए परीक्षा को पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर लिया।

 

सपना की इस ऐतिहासिक सफलता पर विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनके गांव तिवाय पहुंचकर परिवार को सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ गोपगुट मूल के जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह, अखिल भारतीय सत्यशोधक संस्थान के अध्यक्ष शिव प्रसाद सिंह कुशवाहा, अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा बक्सर के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह मौर्य, मौर्य-शाक्य-सैनी-कुशवाहा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप सिंह, ब्रजेश कुमार सिंह (कोषाध्यक्ष), धर्मदेव सिंह, अनिल कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सपना कुमारी प्रारंभ से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने हमेशा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा और कठिन परिश्रम के बल पर प्रथम प्रयास में ही सीए की दोनों परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।

वक्ताओं ने कहा कि सपना की उपलब्धि न केवल तिवाय गांव बल्कि पूरे बक्सर जिले के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सपना की सफलता आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। सपना कुमारी की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि आर्थिक अभाव कभी भी प्रतिभा और परिश्रम के रास्ते में बाधा नहीं बन सकता। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और परिवार का सहयोग मिले, तो गांव की बेटी भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता का नया इतिहास लिख सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button