OTHERS

बिहार सिपाही भर्ती परीक्षार्थियों के लिए रेलवे की विशेष तैयारी, बक्सर से दानापुर चलेगी स्पेशल ट्रेन

24 जून को परीक्षा के बाद दोपहर 1:30 बजे बक्सर स्टेशन से रवाना होगी विशेष ट्रेन, स्टेशन पर सहायता केंद्र और सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार आरक्षी (सिपाही) भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा के दिन 24 जून को बक्सर से दानापुर के लिए एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, ताकि परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को घर लौटने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

रेल यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार आरक्षी चयन परीक्षा के लिए बक्सर जिले में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 4,000 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। रेलवे को मिली सूचना के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बक्सर-दानापुर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 24 जून को दोपहर 1:30 बजे बक्सर स्टेशन से दानापुर के लिए रवाना होगी, जिससे परीक्षार्थियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सके।

 

रेलवे प्रशासन ने केवल ट्रेन संचालन ही नहीं, बल्कि स्टेशन पर अभ्यर्थियों की सहायता के लिए भी व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दिन बक्सर रेलवे स्टेशन पर विशेष सहायता केंद्र (हेल्प डेस्क) कार्यरत रहेगा, जहां परीक्षार्थियों को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रेलवे पूरी तरह सतर्क है। स्टेशन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों और जवानों के साथ-साथ जीआरपी (GRP) के कर्मी भी तैनात रहेंगे। भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे अधिकारियों की विशेष टीम मौजूद रहेगी तथा माइकिंग के माध्यम से यात्रियों और परीक्षार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों एवं आम यात्रियों से अपील की है कि वे विशेष ट्रेन सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं तथा यात्रा को सुगम बनाने के लिए निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के मद्देनजर संभावित भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। रेलवे की इस पहल से हजारों परीक्षार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है और परीक्षा के बाद उनकी आवाजाही पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और आसान होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button