OTHERS

मजदूर के बेटा सचिन कुमार राम बने स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर, 70वीं बीपीएससी में हासिल की 148वीं रैंक

जगदीशपुर गांव में जश्न का माहौल, रेलवे स्टेशन से गांव तक ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ हुआ भव्य स्वागत

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत जगदीशपुर गांव के निवासी सचिन कुमार राम ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। चिरंजीव राम के पुत्र सचिन कुमार राम ने परीक्षा में 148वीं रैंक प्राप्त करते हुए स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर चयनित होकर एक मिसाल कायम की है।

 

सचिन की सफलता इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि उनके पिता चिरंजीव राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने पुत्र की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। पिता की मेहनत और बेटे के अथक परिश्रम ने आज सफलता की ऐसी कहानी लिख दी है, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। सोमवार की शाम जब सचिन कुमार राम बक्सर पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं और उत्साहपूर्ण नारों के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। स्टेशन से निकलने के बाद सचिन पैदल ही समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ अंबेडकर चौक पहुंचे, जहां उन्होंने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद लिया।

 

इसके बाद वे ज्योति प्रकाश चौक पहुंचे और वहां कामरेड ज्योति प्रकाश को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया। शहर में स्वागत कार्यक्रम के बाद सचिन अपने गांव जगदीशपुर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने भव्य जुलूस निकालकर उनका अभिनंदन किया। ढोल-बाजों और उत्सवी माहौल के बीच गांव में जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। सचिन की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सफलता गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के सामने बाधा नहीं बन सकतीं।

सचिन कुमार राम को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इस अवसर पर पूर्व बीडीसी सत्य प्रकाश कुशवाहा, अजय सिंह, विजेंद्र सिंह (मुखिया, जगदीशपुर पंचायत), कैलाश राम, वीरेंद्र राम, गोविंद यादव, राजदीप सिंह, विजय बहादुर यादव, पिंकी देवी (मुखिया, नदांव पंचायत) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। सचिन की सफलता ने यह संदेश दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो आर्थिक अभाव भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते। आज जगदीशपुर गांव अपने इस होनहार बेटे की उपलब्धि पर गौरवान्वित है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button