ACCIDENT

नेपाल से लौट रहे बक्सर के दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, सरयू पुल पर ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, मचा कोहराम

न्यूज विज़न।बक्सर
उतर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र स्थित सरयू नदी पर बने पुराने पुल पर शनिवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के बक्सर जिले के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक दोनों युवकों को रौंदते हुए वाहन समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मृतकों की पहचान बक्सर नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन निवासी 26 वर्षीय मुकेश कुमार मिश्रा (पिता-संजय मिश्रा) तथा 27 वर्षीय अभिषेक सिंह उर्फ राज सिंह के रूप में हुई है। दोनों घनिष्ठ मित्र थे और बीते 15 जून को अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक से नेपाल भ्रमण के लिए निकले थे। नेपाल यात्रा पूरी कर वे गोरखपुर के रास्ते अपने घर बक्सर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

 

नेपाल से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 11:30 बजे दोनों युवक सरयू नदी पर बने पुराने पुल से दोहरीघाट कस्बे की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। इसके बाद ट्रेलर चालक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम
दुर्घटना के कारण सरयू पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
दोहरीघाट थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों युवक बिहार के बक्सर जिले के निवासी थे और नेपाल से घूमकर अपने घर लौट रहे थे। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वाहन को चिन्हित कर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

बक्सर में शोक की लहर, सोशल मीडिया पर उमड़े श्रद्धांजलि संदेश
मुकेश कुमार मिश्रा और अभिषेक सिंह की असामयिक मौत की खबर मिलते ही बक्सर जिले में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विशेष रूप से मुकेश कुमार मिश्रा अपने मिलनसार स्वभाव, हंसमुख व्यक्तित्व और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए जाने जाते थे। उन्हें धर्म और अध्यात्म में भी विशेष रुचि थी। उनके अचानक निधन की खबर से मित्रों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों को गहरा सदमा पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने दोनों दिवंगत युवकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button