RELIGION

दीदी नीलम आनंद की 21वीं पुण्यतिथि पर बक्सर में शिव गुरु परिचर्चा, भजन-कीर्तन से शिवमय हुआ माहौल

वैश्विक शिव शिष्य परिवार के आयोजन में वक्ताओं ने शिव शिष्यता, सेवा और ईमानदारी के मार्ग पर चलने का दिया संदेश, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बुधवार को बक्सर शहर के नया बाजार स्थित सेवाधाम के समीप K5 बैंक्वेट हॉल के प्रांगण में वैश्विक शिव शिष्य परिवार, बक्सर के तत्वावधान में दीदी नीलम आनंद की 21वीं पुण्यतिथि के अवसर पर भव्य शिव गुरु परिचर्चा का आयोजन किया गया। आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिव शिष्य एवं श्रद्धालु शामिल हुए और दीदी नीलम आनंद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिव कार्य समिति के अध्यक्ष सतीश जी ने कहा कि शिव शिष्यता के जनक एवं इस कालखंड के प्रथम शिव शिष्य साहब श्री हरिंद्रानंद जी की धर्मपत्नी राजमणि नीलम आनंद ने शिव शिष्यता की बगिया को अपनी संतान के समान प्रेम, समर्पण और संस्कारों से सींचा और संवारा। उन्होंने कहा कि घने जंगलों में पली-बढ़ी दीदी नीलम आनंद के व्यक्तित्व में ममता की निर्मलता और हिमालय जैसी दृढ़ता का अद्भुत संगम था। उन्होंने बताया कि 17 जून 2005 को दीदी नीलम आनंद ने अपना नश्वर शरीर त्याग दिया था। उनकी पुण्यतिथि पर देश-विदेश में करोड़ों शिव शिष्य एवं शिव शिष्याएं श्रद्धा और भक्ति के साथ उन्हें स्मरण करते हैं। सतीश जी ने कहा कि दीदी नीलम हमेशा यह प्रेरणा देती थीं कि “यदि महादेव का कार्य पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करेंगे, तो हम सदैव आपके साथ रहेंगे।”

 

कार्यक्रम के दौरान बक्सर के चंदन कुमार द्वारा दीदी नीलम आनंद की स्मृति में प्रस्तुत भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और शिवमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर शिव गुरु की महिमा का गुणगान करते रहे। समिति के सचिव राजू प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि साहब हरिंद्रानंद जी के विचारों और आदर्शों पर चलने से गुरु शिव की असीम कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने सभी शिव शिष्यों से सेवा, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रंजन प्रसाद, रवि रंजन श्रीवास्तव, राजकुमार सेठ, रविंद्र कुमार गुप्ता, अजय चौबे, मदन सिंह, भगवान चौधरी, वीरेंद्र केसरी, कन्हैया शाह, शैलेंद्र वर्मा, गीता देवी, सोनी देवी, मीरा देवी, निर्मला कुमारी, स्नेहा कुमारी, ज्योति कुमारी, मंजू कुमारी, वीरेंद्र सिंह, संतोष चौहान, कृष्ण कुमार यादव, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में शिव शिष्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना एवं गुरु शिव के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के साथ हुआ, जहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने समाज में प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार का संकल्प लिया।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button